राजस्थान में भाजपा करेगी द्रौपदी मुर्मू के जरिए जीत के जतन, राज्य की सभी सीटें साधने की तैयारी
जयपुर, 22 जुलाई। द्रौपदी मुर्मू देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बन गई हैं। बीजेपी ने जश्न के जरिए मुर्मू के राष्ट्रपति बनने का राजनीतिक फायदा लेने की तैयारी कर ली है। लोकसभा और विधानसभा चुनाव में मुर्मू के जरिए बीजेपी आदिवासी मतदाताओं को साधने की तैयारी में जुट गई है। राजस्थान में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। पार्टी ने राजस्थान में 2023 के विधानसभा चुनाव के लिए मुर्मू के जरिए जीत की रणनीति बना रही है। प्रदेश की 70 विधानसभा सीटों पर अनुसूचित जाति के मतदाताओं का बाहुल्य हैं। इनमे 25 विधानसभा सीटें एसटी के लिए आरक्षित हैं। जबकि 35 से ज्यादा सीटों पर एसटी के प्रत्याशी जीतते रहे हैं। अब बीजेपी इन सीटों पर कार्यक्रम आयोजित कर मुर्मू के जरिए जीत के जतन करेगी।

कमजोर सीटों पर जीत पक्की करेगी भाजपा
राजस्थान में 2018 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी प्रदेश की एसटी आरक्षित सीटों पर बहुत अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। बीजेपी एसटी के लिए आरक्षित 25 सीटों में से महज 8 सीटों पर ही जीत दर्ज करा पाई। इसमें उदयपुर की चार विधानसभा सीटें शामिल हैं। प्रदेश के दौसा, अलवर, सवाई माधोपुर, बारां, करौली और जयपुर में एक भी सीट नहीं जीत पाई। भाजपा 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा इन सीटों पर द्रौपदी मुर्मू के जरिए जीतने की रणनीति तैयार कर रही हैं। विधानसभा चुनाव के लिए अनुसूचित जनजाति में आरक्षित कुल 25 सीटों पर अभी कांग्रेस के 13, बीजेपी के 8, बीटीपी के 2 और 2 निर्दलीय विधायक हैं। प्रदेश में अभी 11 जिलों में अनुसूचित जनजाति की आरक्षित सीट हैं।

पंचायत स्तर पर देगी संदेश बीजेपी
पार्टी द्रौपदी मुर्मू के जरिए आदिवासी समुदाय को आगे लाने का संदेश देकर आदिवासी मतदाताओं को अपने साथ जोड़ने की कोशिश करेगी। इसके लिए पार्टी ने पांच सदस्यों की कमेटी का गठन भी किया है। पार्टी ने अनुसूचित जनजाति मोर्चा को जिमेदारी भी सौंपी है। आदिवासी समुदाय को पार्टी से जोड़ने के लिए भाजपा ने अभियान चलाने का फैसला किया है। इसके तहत पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का फोटो हर जगह भेजा जाएगा। भाजपा द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाने के फैसले को आदिवासी समुदाय को आगे लाने के तौर पर प्रचारित करेगी।













Click it and Unblock the Notifications