प्रदर्शन करना कांग्रेस की पुरानी आदत, इन्हें आज नहीं तो कल प्रदर्शन करना ही है-सतीश पूनिया
जयपुर। जेईई और नीट परीक्षा स्थगित कराने की मांग को लेकर शुक्रवार को राजस्थान कांग्रेस के द्वारा किए गए प्रदर्शन पर अब राजनीति गरमा गई है। इस पर राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत कांग्रेस के इस विरोध प्रदर्शन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अच्छा है कांग्रेस को प्रदर्शन की आदत हो जाए, आज नहीं तो कल कांग्रेस को धरना प्रदर्शन ही करना है।

राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि कांग्रेस का यह आंदोलन ठीक उसी तरह है, जिस तरह 9 सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली। पूनिया ने कहा कि राजस्थान में ही प्री-डीएलए की परीक्षा आयोजित हो रही है। उस पर तो कांग्रेस के नेता और मुख्यमंत्री कोई जवाब नहीं देते और जेईई एवं नीट परीक्षा स्थगित करने की मांग करते हैं। वहीं, कांग्रेस के धरने में सोशल डिस्टेंसिंग की अवहेलना से जुड़े सवाल पर पूनिया ने कहा कि नियमों की धज्जियां उड़ाना कांग्रेस की पुरानी आदत है।
उन्होंने कहा कि होटल फेयरमाउंट में एकत्रित हुए कांग्रेस एवं अन्य विधायकों के मामले में पहले से मुकदमा चल रहा है। वहीं, लगातार बढ़ रही पेट्रोल-डीजल की दरों से जुड़े सवाल पर पूनिया ने कहा कि यह सवाल सीधे तौर पर केंद्र सरकार से जुड़ा है, लेकिन राजस्थान में जिस तरह पेट्रोल-डीजल की दरों में बढ़ोतरी हुई है, उसका एक बड़ा कारण यहां अन्य राज्यों की तुलना में वेट अधिक होना है। पूनिया ने कहा कि प्रदेश में सीधे 26 से 38 प्रतिशत वेट की दर हो गई। यदि इसमें कमी की जाए तो राजस्थान के लोगों को राहत मिल सकती है।












Click it and Unblock the Notifications