Rahul Gandhi की भगवान श्रीराम से तुलना कर विवादों में आए स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा, BJP ने उठाए सवाल
Rajasthan के स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर दिए गए बयान के बाद विवादों में फंस गए हैं। मीणा ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की तुलना भगवान श्रीराम की यात्रा से कर डाली थी। मीणा ने सोमवार को दौसा में एक कार्यक्रम में कहा कि राहुल गांधी की यात्रा ऐतिहासिक है। भगवान राम ने अयोध्या से श्रीलंका की पदयात्रा की थी। लेकिन राहुल गांधी तो उससे कहीं ज्यादा लंबी पदयात्रा कर रहे हैं। परसादी लाल मीणा के इस बयान के बाद भाजपा ने निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेता तय कर लें कि वह किस स्तर तक चापलूसी करेंगे। भाजपा प्रवक्ता और विधायक रामलाल शर्मा और पूर्व शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी ओर मीडिया प्रमुख पंकज जोशी ने कहा कि मंत्री का यह बयान निंदनीय है। परसादी लाल मीणा को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।

दौसा में एक कार्यक्रम के दौरान दिया था बयान
राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा ने सोमवार को दौसा में आयोजित एक कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि राहुल गांधी की पदयात्रा ऐतिहासिक पदयात्रा होगी। भगवान राम की अयोध्या से श्रीलंका तक पैदल गए थे। लेकिन राहुल गांधी तो उससे भी ज्यादा पैदल चलेंगे। कन्याकुमारी से कश्मीर तक इतिहास में आज तक न कोई गया है। ना ही कोई जाएगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की ऐतिहासिक यात्रा देश को बदलने के लिए है। देश में जिस तरह का माहौल है। उसे बदलने के लिए है।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रामलाल शर्मा ने की बयान की निंदा
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और विधायक रामलाल शर्मा ने स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा के बयान की निंदा की है। उन्होंने कहा कि कहां भगवान राम और कहां राहुल गांधी। कांग्रेस तो भगवान राम को काल्पनिक मानती थी और उनके अस्तित्व को स्वीकार नहीं करती थी। परसादी लाल मीणा का यह बयान निंदनीय है। कांग्रेस नेता अस्तित्व के लिए अपने नेताओं के कितनी चापलूसी करेंगे। जनता सब देख रही है। आने वाले समय में हिसाब भी करेगी।

पूर्व मंत्री वासुदेव देवनानी बोले विनाशकाले विपरीत बुद्धि
राजस्थान के पूर्व शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा पर निशाना साधते हुए कहा कि मंत्री परसादी लाल मीणा ने राहुल गांधी की राजनीतिक पदयात्रा की तुलना भगवान श्रीराम के वनवास से कर गांधी परिवार की चाटुकारिता के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। भगवान श्रीराम हमारे आस्था के केंद्र हैं। उनकी तुलना अपनी पार्टी के नेता से करना निश्चित ही विनाश काले विपरीत बुद्धि है।












Click it and Unblock the Notifications