Nirmal Chaudhary RUSU 2022 : मंत्री की बेटी निहारिका को हरा निर्मल चौधरी बने राजस्थान विवि छात्रसंघ अध्यक्ष
जयपुर, 27 अगस्त। निर्दलीय प्रत्याशी निर्मल चौधरी राजस्थान विश्वविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष चुने गए हैं। निर्मल चौधरी ने राजस्थान सरकार में मंत्री मुरारी लाल मीणा की बेटी निहारिका मीणा को हराया है। वहीं, एनएसयूआई प्रत्याशी रितु बराला और एबीवीपी के नरेंद्र यादव को भी छात्रसंघ चुनाव 2022 में शिकस्त मिली है।

निहारिका मीणा बतौर निर्दलीय मैदान में उतरी थीं
बता दें कि निहारिका मीणा बतौर निर्दलीय मैदान में उतरी थीं। ये एनएसयूआई प्रत्याशी की दौड़ में शामिल थीं, मगर एनवक्त पर इनका काटकर रितु बराला को प्रत्याशी बनाया गया। ऐसे में निहारिका ने बगावत कर दी। एनएसयूआई की खींचतान और एबीवीपी की कमजोर पकड़ का फायदा निर्दलीय प्रत्याशी निर्मल चौधरी को मिला। निर्मल चौधरी ने 4043, निहारिका जोरवाल ने 2578, रितु बराला ने 2010, नरेन्द्र यादव ने 988 वोट हासिल किए।

सवा तीन फीट कद वाले छात्रसंघ अध्यक्ष
इधर, सवा तीन फीट कद वाले विकास गुर्जर को राजस्थान के झुंझुनूं के गुढ़ागौड़जी स्थित केदारनाथ मोदी राजकीय महाविद्यालय में छात्रसंघ अध्यक्ष चुना गया है। विकास जनम से ही दिव्यांग है। इसकी हाइट महज सवा तीन फीट है। जीत के बाद विकास का विजयी जुलूस निकाला जा रहा है। विकास गुर्जर ने रूपल सैनी को 132 वोटों से हराया है।
शेखावाटी विश्वविद्यालय में एसएफआई का पूरा पैनल जीता
सीकर की बात करें तो यहां पर 'लाल सलाम' ने जीत दर्ज की है। सीकर के कटराथल स्थित शेखावाटी विश्वविद्यालय में एसएफआई का पूरा पैनल जीता है। SFI के विजेंद्र कुमार ढाका पहले छात्रसंघ अध्यक्ष बने हैं। इन्होंने 25 वोट से जीत दर्ज की है। उपाध्यक्ष जय कुमार 43 वोट, महासचिव रेहान 21 वोट से जीते है। संयुक्त सचिव ओमप्रकाश डूडी निर्विरोध जीते है।












Click it and Unblock the Notifications