जयपुर : मामूली बात पर पिता-पुत्री का मर्डर, एक ही परिवार के दो पक्षों में हुए झगड़े में चले चाकू
जयपुर, 23 अक्टूबर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के लालकोठी इलाके में आज एक ही परिवार के दो पक्षों में झगड़ा हो गया। गुस्साए परिवार के लोगों में शुरू हुई हाथापाई धारदार हथियारों से जानलेवा हमले तक पहुंच गई। इसमें गंभीर घायल पिता-पुत्री की मौत हो गई। इसके अलावा 6 लोग जख्मी हो गए। उनको एसएमएस अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना के बाद पुलिस ने हत्या और हत्या का प्रयास के दो मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। मौके पर एहतियात के तौर पर जाब्ता लगा दिया गया।

एसएचओ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि जानलेवा हमले में गंभीर घायल साबिर और उनकी विवाहिता बेटी नफीसा की मौत हो गई। साबिर के बेटे शाकिर व साजिद घायल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष के अरशद, वजीर खान, जाहिद खान, ताहिर सहित कुछ अन्य लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार यह परिवार आगरा रोड पर केंद्रीय जेल मुख्यालय के ऑफिस के सामने रोड पर रहता है।
मृतक साबिर खान दूसरे पक्ष के अरशद, वजीर, ताहिर का सगा चाचा लगता था। चाचा-भतीजे का परिवार एक ही मकान में साथ रहता था। पिछले कुछ महीनों से दोनों परिवारों में घर में नाली बनाने को लेकर विवाद चल रहा था। इनके बीच पहले भी मारपीट और लालकोठी थाने में एक दूसरे के खिलाफ मुकदमेबाजी हो चुकी थी।
शनिवार को फिर से साबिर और अरशद के परिवार में नाली को लेकर झगड़ा हो गया। गाली-गलौच से मामला हाथापाई तक पहुंचा। इस बीच चाकूबाजी शुरु हो गई। परिवार के ही चुन्नू खां का आरोप है कि ताहिर, अरशद व अन्य ने चाकू से हमला कर दिया। इसमें गंभीर घायल साबिर और घर में मौजूद बेटी नफीसा की मौत हो गई। ये लोग झगड़ते हुए मकान के बाहर सड़क पर आ गए। इससे राहगीर भी माजरा देखने लगे। इस बीच किसी ने फोन कर लालकोठी थाने में सूचना दी। तब आदर्श नगर एसीपी नीलकमल मीणा, थानाप्रभारी सुरेंद्र सिंह व अन्य मौके पर पहुंचे।












Click it and Unblock the Notifications