MLA बाबूलाल नागर बोले - 'सिर्फ राजीव गांधी व अशोक गहलोत का ही नारा लगाना है, तीसरा नारा लगाने वाले जा सकते हैं
जयपुर, 13 सितम्बर। राजस्थान में सियासी पारा चढ़ा हुआ है। अशोक गहलोत व सचिन पायलट गुट अपने अपने तरीके सियासत कर रहे हैं। हाल ही अजमेर के पुष्कर में अशोक गहलोत सरकार के दो मंत्रियों की मौजूदगी में पूर्व उप मुख्यमंत्री 'सचिन पायलट जिंदाबाद' के नारे लगने के बाद अशोक गहलोत गुट विशेष सावधानी बरत रहा है। इसकी बानगी मंगलवार को जयपुर के दूदू में सीएम अशोक गहलोत के एक कार्यक्रम में देखने को मिली।

दूदू में ब्लॉक स्तरीय राजीव गांधी ग्रामीण ओलिंपिक खेल प्रतियोगिता का अवलोकन करने के लिए सीएम अशोक गहलोत पहुंचे थे। सीएम के संबोधन से पहले दूदू विधायक बाबूलाल नागर सभा में मौजूद लोगों को नसीहत दी कि उन्हें सिर्फ दो ही नारे लगाने हैं। एक राजीव गांधी अमर रहे और दूसरा अशोक गहलोत जिंदाबाद। तीसरा नारा (सचिन पायलट जिंदाबाद) लगाने वाले जा सकते हैं। नागर की सख्त हिदायत का वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है।
सभा को समझाते हुए बाबूलाल नागर ने कहा कि मैंने जो 2 नारे बताए हैं। मतलब राजीव गांधी अमर रहे और अशोक गहलोत जिंदाबाद के अलावा कोई भी तीसरा नारा नहीं लगाएगा। नागर ने खुद का नारा लगाने से भी मना करते हुए कहा कि अगर किसी को तीसरा कोई नारा लगाना है तो वह कार्यक्रम से जा सकता है।
बता दें कि बीते कुछ दिनों से गहलोत सरकार के मंत्रियों के कार्यक्रमों में सचिन पायलट जिंदाबाद के नारे लग रहे हैं जिससे मंत्रियों को कार्यक्रम स्थलों से किरकिरी करवाते हुए लौटना पड़ रहा है। वहीं, सीएम गहलोत के इस कार्यक्रम में चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा, मंत्री रमेश चन्द मीणा, गृह राज्य विभाग के मंत्री राजेन्द्र सिंह यादव सहित कई कांग्रेसी नेता मौजूद थे।
ताजा मामला सोमवार का है। कर्नल बैंसला के अस्थि विसर्जन कार्यक्रम के दौरान अजमेर के पुष्कर में सचिन पायलट जिंदाबाद के नारे लगने लगे। वहीं जब उद्योग मंत्री शकुन्तला रावत भाषण देने आई तो भीड़ ने नारे लगाते उन्हें भाषण देने से रोका। हालांकि रावत ने अपना भाषण पूरा किया।












Click it and Unblock the Notifications