Rajasthan : अपनी ही सरकार के चिकित्सा मंत्री के खिलाफ MLA अमीन कागजी ने क्यों खोला मोर्चा?
जयपुर, 26 जून। राजस्थान में इन दिनों तबादलों पर सियासत हो रही है। खुद अशोक गहलोत सरकार के मंत्री के खिलाफ उन्हीं की पार्टी के विधायक ने मोर्चा खोल दिया है। इस पर भाजपा ने राजस्थान सरकार पर निशाना साधा है।

दरअसल, जयपुर के किशनपोल विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक अमीन कागजी राजस्थान में चिकित्सकों के तबादले से नाराज हैं। कागजी का कहना है कि क्षेत्र में अल्पसंख्यक वर्ग से जुड़े चार चिकित्सक थे। उनका तबादला बिना जानकारी के कर दिया गया। उनके स्थान पर बाहरी चिकित्सकों को उनके क्षेत्र में लगाया गया है। वो भी बगैर जानकारी के।
चिकित्सकों के तबादलों से नाराज विधायक अमीन कागजी ने शनिवार को चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा जयपुर स्थित बंगले के बाहर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया। धरने पर भी बैठे। इस दौरान कागजी ने आरोप लगाया कि चिकित्सा मंत्री परसादीलाल मीणा ट्रांसफर-पोस्टिंग में खेल करते हैं। वो किसी की सुनते ही नहीं। मनमानी फैसले लेते हैं। कम से कम विधायकों की तो उन्हें सुननी चाहिए।
विरोध प्रदर्शन कर रहे विधायक कागजी को मंत्री अपने साथ बंगले में ले गए। चिकित्सा मंत्री ने तर्क दिया कि उन्होंने सभी तबादले नियमों के अनुसार किए हैं। अगर विधायक किसी तरह की आपत्ति जता रहे हैं तो जैसे वे चाहते हैं वैसे ही तबादले किए जाएंगे।
इधर, राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने अशोक गहलोत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा गहलोत राज में तबादला इंडस्ट्री बन चुका है। कुनबे को एक रखने में गहलोत नाकाम साबित हो रहे हैं। राज्यसभा चुनाव 2022 को देखकर प्रलोभन के उपहार स्वरूप तबादले खोले गए, मगर यह इन तबादलों पर भी एक राय नहीं है।
खबर ये भी है कि कांग्रेस विधायक अमीन कागजी के धरना-प्रदर्शन के बाद राजस्थान चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा ने चारों डॉक्टरों के तबादले निरस्त कर दिए हैं। चारों को वापस जयपुर लगा दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications