UP-MP के बाद अब राजस्थान में बदला रेलवे स्टेशन का नाम, मियां का बाड़ा बना महेश नगर हॉल्ट
जयपुर, 2 मई। शहर-कस्बों के नाम बदलने का यूपी से शुरू सिलसिला अब राजस्थान में भी देखने को मिला है। यहां रेलवे स्टेशन का नाम बदला गया है। मियां का बाड़ा रेलवे स्टेशन अब महेश नगर हाल्ट किया है।

दरअसल, राजस्थान के सरहदी इलाके बाड़मेर जिले बालोतरा इलाके में एक गांव है 'मियां का बाड़ा'। लंबे समय से इसका नाम बदलकर महेश नगर किए जाने की मांग उठ रही थी, जिसे 2018 में पूरा किया गया। चार साल पहले गांव मियां का बाड़ा का नाम तो महेश नगर हो गया था, लेकिन यहां के रेलवे स्टेशन का नाम भी अभी मियां का बाड़ा ही चल रहा था। ऐसे में लोग चाहते थे कि रेलवे स्टेशन का नाम महेश नगर हो।
इस पर नाम बदलने के लिए केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी की मौजूदगी में कार्यक्रम रखकर मियां का बाड़ा रेलवे स्टेशन को महेश नगर हॉल्ट किया गया। केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि रेलवे स्टेशन का नाम बदलने की एक लंबी प्रकिया है। किसी रेलवे स्टेशन का नाम बदलना तभी संभव है कि जब केंद्र और राज्य सरकार दोनों इसको लेकर सहमत होते हैं।
बता दें कि देश में यह पहली बार नहीं हो रहा कि जब किसी स्टेशन का नाम बदला गया हो। राजस्थान के बाड़मेर के मियां का बाड़ा से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने भी झांसी रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर रानी लक्ष्मीबाई के नाम पर किया गया था। इसके अलावा साल 2018 में ही यूपी के रॉबर्ट्सगंज रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर सोनभद्र कर दिया गया था।
राजस्थान व यूपी की राह पर मध्य प्रदेश भी चल चुका है। यहां साल 2021 में मध्य प्रदेश में भोपाल के हबीबगंज रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर गोंड शासक रानी कमलापति के नाम पर रखा गया था।












Click it and Unblock the Notifications