किरोड़ी-राठौड़ की भिड़ंत किरोड़ी को राष्ट्रपति उम्मीदवार न बनाने का नतीजा तो नहीं, राजनीतिक गलियारों में चर्चा
जयपुर, 13 जुलाई। एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के बुधवार को जयपुर दौरे के दौरान आयोजन स्थल पर राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा और उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के बीच हुए विवाद की जड़ किरोड़ी को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया जाना तो नहीं है। भाजपा में किरोड़ी लाल मीणा की गिनती वरिष्ठ और महत्वपूर्ण नेताओं में की जाती है। पार्टी सूत्रों की मानें तो हाईकमान द्वारा राष्ट्रपति पद के लिए आदिवासी नेता को उम्मीदवार बनाए जाने पर किरोड़ी लाल मीणा का भी नाम सामने आया था। माना जा रहा है किरोड़ी लाल मीणा को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने को लेकर मीणा समर्थक आश्वस्त थे। लेकिन ऐसा नहीं होने से बुधवार को द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम के दौरान उनका आक्रोश सामने आ गया।

समर्थकों ने की थी किरोड़ी को उम्मीदवार बनाने की मांग
पिछले दिनों राजस्थान के विधायकों ने भी किरोड़ी लाल मीणा को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाने की मांग की थी। किरोड़ी लाल मीणा के धुर विरोधी माने जाने वाले महुवा से निर्दलीय विधायक ओमप्रकाश हुड़ला ने तो किरोड़ी को राष्ट्रपति उमीदवार बनाए जाने पर एक करोड़ का चंदा देने तक की बात कह दी थी। बीजेपी द्वारा राष्ट्रपति पद के लिए आदिवासी समुदाय से उम्मीदवार का चयन किए जाने से किरोड़ी मीणा समर्थक उत्साहित थे।

पूर्वी राजस्थान के बड़े नेता है किरोड़ी लाल मीणा
भाजपा नेता और राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा आदिवासी समुदाय से आते हैं। पूर्वी राजस्थान में किरोड़ी लाल मीणा की गिनती बड़े नेताओं में की जाती है। राजस्थान की राजनीति में किरोड़ी लाल मीणा 5 बार विधायक और दूसरी बार सांसद बने हैं। मीणा ने भैरों सिंह शेखावत और वसुंधरा राजे के साथ भी काम किया है। राजस्थान के आदिवासी मीणा समुदाय में उनकी जबरदस्त पकड़ मानी जाती है। अपनी कार्यशैली के चलते किरोड़ी लाल मीणा की राजस्थान की राजनीति में अलग पहचान है। राजनीति में मुद्दों को लेकर वे पूरे प्रदेश में सालभर सक्रिय रहने वाले नेता हैं।

आदिवासी समुदाय के प्रवेश पर हुआ विवाद
एनडीए की राष्ट्रपति उमीदवार द्रौपदी मुर्मू बुधवार को जयपुर दौरे पर थी। मुर्मू के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सांसद किरोड़ी लाल मीणा अपने आदिवासी समर्थकों के साथ होटल क्लार्क्स आमेर पहुंचे थे। इसी दौरान उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने उनके समर्थकों को कार्यक्रम स्थल से बाहर जाने के निर्देश दिए। इस पर किरोड़ी लाल मीणा भड़क गए। दोनों नेताओं में झड़प हो गई। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद गजेंद्र सिंह शेखावत ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवाया। इससे पहले एयरपोर्ट पर भी मुर्मू के स्वागत को लेकर झड़प होने की बात भी सामने आ रही है।

ट्वीटर पर नेताओं की जंग शुरू
द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम में सांसद किरोड़ी लाल मीणा और उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के बीच विवाद सामने आते ही ट्वीटर पर सियासी जंग शुरू हो गई है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने विवाद का वीडियो ट्वीट कर सीएम फेस को लेकर चुटकी ली है। सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने डोटासरा को जवाब देते हुए ट्वीट कर लिखा है कि आप कितने पानी में है यह पता लगाने के लिए लक्ष्मणगढ़ में आपके घर के सामने भरे पानी में उतर कर देख लीजिए और इस पर भी नजर रखिए कि जादूगर आपको नकारा कहेंगे या निकम्मा बताएंगे। वहीं नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने ट्वीट कर किरोड़ी लाल मीणा को अपना बड़ा भाई बताया है। राठौड़ ने लिखा कि बड़े भाई के रूप में उन्होंने अधिकारपूर्वक और सहजता से अपनी बात कही।












Click it and Unblock the Notifications