45 साल के इस शख्स के खिलाफ दर्ज हैं 50 मुकदमे, पत्नी पर फायरिंग के बाद अब ली दोस्त की जान
जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में बढ़ती गैंगवार और फायरिंग की घटनाओं को लेकर जयपुर साउथ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जयपुर साउथ पुलिस ने फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले शातिर बदमाश श्रवण सोनी को गिरफ्तार किया है।

आरोपी श्रवण सोनी से जयपुर पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि हरियाणा के महेंद्रगढ़ में अपने साथी बंटी की हत्या करने के बाद विवाद के चलते एक अन्य की हत्या की योजना बना रहा था। 45 वर्षीय हार्डकोर अपराधी श्रवण सोनी के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में फायरिंग, हत्या का प्रयास, हत्या जैसे करीब 50 मामले दर्ज हैं।
जयपुर के सोडाला इलाके में अपनी पत्नी पर फायरिंग करने के बाद श्रवण सोनी हरियाणा में चला गया था। इस दौरान उसने 10 दिन पहले पैसों के विवाद को लेकर अपनी साथी बंटी की हरियाणा मेें हत्या कर दी थी। आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस टीमों को चकमा देकर श्रवण सोनी लगातार कई शहरों में घूमता रहा। सूचना जुटाते हुए पुलिस टीम ने श्रवण सोनी को ग्वालियर रेलवे स्टेशन से दबोच लिया। एडिशनल पुलिस कमिश्नर जयपुर (क्राइम ) अशोक गुप्ता ने बताया कि श्रवण सोनी शहर में ब्याज पर पैसे का लेनेदेन करता है। ऐसे में पैसों के विवाद को लेकर उसने अपने ही साथी और अन्य लोगों पर फायरिंग कर खौफ पैदा कर रखा था।












Click it and Unblock the Notifications