हनुमान बेनीवाल कोरोना से संक्रमित, नागौर से जयपुर शिफ्ट, RUHS में हो रही जांच
जयपुर। राजस्थान में नागौर की लोकसभा सीट के सांसद हनुमान बेनीवाल भी कोरोना से जूझ रहे हैं। बीते 26 जुलाई को उनकी जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। जिसके चलते उन्हें उनके निवास पर ही आइसोलेट करते हुए उपचार किया जा रहा था। मगर अब वह नागौर से जयपुर पहुंच गए हैं। ट्वीट करके उन्होंने खुद इस बारे में जानकारी दी।

बेनीवाल ने कहा कि, ''मेरी तबियत में काफी सुधार है। मगर, अभी कुछ चेकअप व चिकित्सकों के परामर्श के लिए नागौर से जयपुर आया हुआ हूं। आप सभी की दुआओं से जल्द से जल्द पूर्ण रुप से स्वस्थ होकर व कोरोना को हराकर जनसेवा हेतु पुनः आपके मध्य उपस्थित हो जाऊंगा। आप सभी से अनुरोध है, कोरोना से बचाव हेतु चिकित्सा विभाग द्वारा जारी निर्देशों की सख्त पालना करें।'
Recommended Video

बताया जा रहा है कि, बेनीवाल को कल जयपुर शिफ्ट कर दिया गया। जहां उन्हें आरयूएचएस से संबंधित डॉक्टर्स ने आवश्यक बातें बताईं। आरयूएचएस इन दिनों प्रदेश का सबसे बड़ा डेडीकेटेड कोविड-19 हॉस्पिटल है। जहां पर वरिष्ठ चिकित्सकों की निगरानी में कई अन्य कोरोना संक्रमित रोगियों का इलाज हो रहा है। हालांकि, बेनीवाल का उपचार उनके घर पर ही शुरू किया गया।
बेनीवाल ने इससे पहले गुरुवार को ट्वीट किया 'आप सभी की दुआओं, प्रार्थनाओं, ईश्वर के आशीर्वाद व चिकित्सकों के निर्देशन में चल रहे इलाज से संतुष्ट हूं।'
वहीं, बेनीवाल से पहले राज्यसभा सांसद डॉ. किरोड़ी लाल मीणा भी कोरोना की चपेट में आ गए थे। हालांकि, अब उनके स्वास्थ्य में भी लगातार सुधार हो रहा है। किरोड़ी पिछले करीब एक सप्ताह से जयपुर स्थित महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती हैं। बुधवार को उनकी दूसरी जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई।












Click it and Unblock the Notifications