पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट का जन्मदिन 7 को, ऐसे होगा शक्ति प्रदर्शन
जयपुर, 1 सितम्बर। राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट का जन्मदिन 7 सितंबर को धूमधाम से मनाने की तैयारी है। पायलट समर्थक जन्मदिन पर शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में जुटे हैं। पायलट समर्थक विधायक वेदप्रकाश सोलंकी ने बुधवार को अपने इरादे भी साफ कर दिए थे। सोलंकी ने कहा कि वह किसी पार्टी का समर्थक नहीं है। जुलाई 2020 में हुए राजनीतिक उठापटक के बाद से पायलट के जन्मदिन पर होने वाले कार्यक्रम को अब खुद सचिन पायलट का शक्ति प्रदर्शन माना जाता है। पिछले साल भी पायलट के सरकारी आवास के बाहर मुख्य सड़क पर यह कार्यक्रम हुआ था। हालांकि कोरोना गाइडलाइंस की पाबंदी की वजह से ज्यादा भीड़ नहीं जुट पाई थी। लेकिन इस बार माना जा रहा है कि पायलट समर्थक बड़ा शक्ति प्रदर्शन करेंगे।

गहलोत सरकार की रहेगी नजर
राजस्थान में गहलोत सरकार की नजर इस बात पर रहेगी कि पायलट कैंप के माने जाने वाले विधायकों और मंत्रियों के अलावा कौन से मंत्री और विधायक होंगे। जो उन्हें जन्मदिन की बधाई देने उनके निवास के बाहर होने वाले कार्यक्रम में पहुंचेंगे। ऐसे में इस बार पायलट के जन्मदिन के तौर पर होने वाले शक्ति प्रदर्शन में पहुंचने वाले विधायकों पर राजस्थान की सत्ता की नजर रहेगी।

दौसा में हो सकता है बड़ा कार्यक्रम
सचिन पायलट हर बार अपने पिता के राजनीतिक गढ़ दौसा में बड़ा कार्यक्रम करते है। इस बार समर्थकों ने बड़े आयोजन की तैयारी की है। माना जा रहा है कि पायलट समर्थक दौसा में एकत्रित होंगे। दौसा स्वर्गीय राजेश पायलट की कर्मस्थली रहा है। यहां पायलट परिवार का एक बड़ा वजूद है। पायलट समर्थक विधायक दौसा में एकत्रित होंगे। राजस्थान की राजनीति में साल 2018 में पायलट की बगावत के बाद कांग्रेस पार्टी में दो गुट बन गए है। गहलोत गुट और पायलट गुट। दोनों गुटों के नेता एक-दूसरे पर निशाना भी साधते रहे हैं। भले ही सुलह के बाद एकजुटता का संदेश दिया जा रहा है। लेकिन दोनों नेताओं में खटास बरकरार है। सचिन पायलट गाहें-बगाहे सरकार रिपीट नहीं होने की बात कहकर सीएम गहलोत पर तंज कसते रहे हैं।













Click it and Unblock the Notifications