दौसा घूसकांड : राजस्थान ACB की चार्जशीट में IPS मनीष अग्रवाल के चौंकाने वाले खुलासे, इन तरीकों से लिए नोट
जयपुर। राजस्थान के दौसा जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने हाइवे बनाने वाली कंपनियों से रिश्वत मांगने के मामले में गिरफ्तार तत्कालीन एसपी मनीष अग्रवाल और दो दलालों नीरज मीणा और गोपाल सिंह के खिलाफ चार्जशीट पेश कर दी है। यह चार्जशीट करीब 4 हजार पन्नों की है।

आईपीएस मनीष अग्रवाल ने दलाल के जरिए ली रिश्वत
राजस्थान के हाईप्रोफाइल घूसकांड में एसीबी की जांच में आईपीएस मनीष अग्रवाल की दोनों दलालों के मार्फत रिश्वत लेने के कारनामे सामने आए हैं। खुलासा हुआ है कि हाइवे बनाने वाली कंपनी डायमंड कंस्ट्रक्शन कंपनी को हाइवे निर्माण के लिए मुआवजा ले चुके लोगों को हटाने के लिए पुलिस जाब्ते की जरूरत थी।

डंपर और मिक्चर को पकड़कर कार्रवाई करने के निर्देश
इस पर कंपनी ने 22 नवंबर 2020 को दौसा के नांगल राजावतान थाने में पुलिस जाब्ता मांगा। दौसा एसपी मनीष अग्रवाल को ये बात पता चली तब उन्होंने इलाके के थाना प्रभारियों को कंपनी के डंपर और मिक्चर को पकड़कर कार्रवाई करने के निर्देश दिया।

नीरज मीणा से व्हाट्सएप कॉल से बातचीत की
तब कंपनी के पार्टनर बलजीत सिंह ने दलाल नीरज मीणा से व्हाट्सएप कॉल से बातचीत की। तब उसने बताया कि थाने से जाब्ता मांग जाने पर एसपी नाराज हो गए हैं इसलिए उनसे मिलकर ही बातचीत करनी पड़ेगी। कुछ दिनों बाद कंपनी में पार्टनर बलजीत सिंह एसपी अग्रवाल से मिलने उनके ऑफिस पहुंचा।

10 लाख रुपए देने की बात कही
एसीबी की चार्जशीट के मुताबिक एसपी मनीष अग्रवाल ने बलजीत सिंह से पुलिस जाब्ता भिजवाने के लिए 10 लाख रुपए देने की बात कही। बलजीत सिंह के इतनी राशि देने से इंकार करने पर एसपी ने 3 लाख रुपए देने पर पुलिस जाब्ता भिजवाना तय किया।

2 महीनों की बंदी के 8 लाख रुपए
एसीबी की तरफ से पेश चार्जशीट में सामने आया है कि उसी मीटिंग में एसपी मनीष अग्रवाल ने बलजीत सिंह से 2 महीनों की बंदी के 8 लाख रुपए और 3 लाख रुपए जाब्ता भिजवाने के एडवांस में मांगे। ये रकम पेट्रोल पंप के संचालक और दलाल नीरज मीणा को देने को कही गई। डिमांड पूरी करने पर 10-12 दिनों तक सही काम चला।

दीपक कुमार सैनी से 6 लाख रुपए की रिश्वत मांगी
राजस्थान एसीबी के अनुसंधान में सामने आया कि दौसा के सदर थाने की जांच नांगल राजावतान थानाप्रभारी कृष्ण कुमार मीणा ने की। इसमें उसने कंपनी के पदाधिकारियों के खिलाफ दर्ज केस में एफआर लगवाई। इसकी एवज में एसपी मनीष अग्रवाल के दलाल गोपाल सिंह ने कंपनी के दीपक कुमार सैनी से 6 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। तब दीपक सैनी ने गोपाल सिंह को साढ़े 5 लाख रुपए दे भी दिए थे।












Click it and Unblock the Notifications