Coronavirus in Rajasthan : दुबई से लौटे जयपुर के बुजुर्ग की रिपोर्ट पॉजीटिव, पाली का युवक संदिग्ध
जयपुर। कोरोना वायरस को लेकर दुनियाभर में हाहाकार मचा हुआ है। लगातार लोगों के इसकी चपेट में आने से डब्ल्यूएचओ ने कोरोना को महामारी घोषित कर दिया है। तमाम देशों के शेयर मार्केट में भी कोरोना के खौफ से गिरावट का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को भारतीय शेयर मार्केट खुलने के साथ ही धड़ाम से नीचे आ गिरे।

इधर, राजस्थान में भी कोरोना का खौफ बढ़ता जा रहा है। अब तक तीन मरीजों की रिपोर्ट पॉजीटिव आ चुकी है। वहीं, कोरोना का संदिग्ध मरीज भी मिला है। खास बात यह है कि दोनों ही खाड़ी देशों से लौटे हैं। राजस्थान के चिकित्सा व स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव रोहित कुमार सिंह ने बताया कि जयपुर के 85 वर्षीय व्यक्ति 28 फरवरी को दुबई से लौटा था। उसमें कोरोना के लक्षण नजर आने पर सोमवार को उसे अस्पताल में लाया गया। मंगलवार को उसकी कोरोना वायरस की जांच रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। इससे पहले राजस्थान में इटली के दंपति में भी कोरोना की पुष्टि हो चुकी है।
बुजुर्ग को यहां एसएमएस अस्पताल में आइसोलेशन में रखा गया है। पहले परीक्षण के बाद उन्हें, उनकी पत्नी और बेटे को अस्पताल के आईसोलेशन वार्ड में भर्ती किया है। उन्होंने कहा कि इन लोगों के संपर्क में आए 235 लोगों के बारे में जानकारी जुटा ली गई है। और उन पर भी नजर रखी जा रही है। वहीं, पाली जिले का युवक हाल ही सऊदी अरब से लौटा है। उसके सर्दी जुकाम की शिकायत पर होने पर उसे भी आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। कोरोना वायरस के इस संदिग्ध मरीज की जांच के नमूने जोधपुर भेजे गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications