Rajasthan में भारत जोड़ो यात्रा में मिले सवा सौ सुझावों पर प्रस्ताव पारित करेगी कांग्रेस, जानिए पूरी वजह
राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मिले आमजनता के सवा सौ प्रस्तावों को अमल में लाने के लिए कांग्रेस 28 दिसंबर से अधिवेशन कर रही है। यह अधिवेशन जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में होगा।

Rajasthan में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के 16 दिनों के भीतर आम जनता से मिले सवा सौ प्रमुख सुझावों पर प्रदेश कांग्रेस चर्चा कर उन पर एक्शन के लिए राज्य सरकार को भेजेगी। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस ने विशेष अधिवेशन बुलाया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मौजूदगी में इस अधिवेशन पर विस्तृत चर्चा करके मुख्य सुझाव को राज्य सरकार को बजट में शामिल करने के लिए भेजा जाएगा। कांग्रेस मुख्यालय सचिव राम सिंह कस्बा ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा में आम लोगों से मिले करीब सवा सौ सुझाव में से प्रमुख सुझाव को पार्टी प्रस्ताव के रूप में अधिवेशन में पेश किया जाएगा।

सत्ता में वापसी के मंत्र पर भी होगा मंथन
भारत जोड़ो यात्रा के जरिए प्रदेश कांग्रेस में राहुल गांधी के जान फूंकने के बाद अब कांग्रेस अधिवेशन के जरिए प्रदेश के कांग्रेस पदाधिकारियों को आगामी चुनाव में जीतने का टास्क दिया जाएगा। अधिवेशन में कांग्रेस सरकार के 2023 में पुनः रिपीट होने पर चर्चा की जाएगी। इसको लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को चुनाव में जीत के लिए पार्टी के वोटर्स को जोड़ने और सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए जाएंगे।

प्रदेश के सभी प्रतिनिधियों को किया गया है आमंत्रित
कांग्रेस के स्थापना दिवस पर 28 दिसंबर को प्रदेश कांग्रेस की तरफ से बिरला ऑडिटोरियम में यह अधिवेशन किया जाएगा। अधिवेशन में शामिल होने के लिए प्रदेश के 950 प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। इसमें मंत्री, विधायक, विधायक प्रत्याशी, पीसीसी सदस्य, प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारी और निकायों व निगमों के प्रमुख शामिल होंगे। अधिवेशन की अध्यक्षता पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा करेंगे। अधिवेशन में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पीसीसी प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा भी मौजूद रहेंगे। अधिवेशन से पहले प्रदेश कांग्रेस कमेटी में फ्लैग होस्टिंग होगा और इसके बाद अधिवेशन की शुरुआत होगी।

जनप्रतिनिधियों की नब्ज टटोलेंगे प्रभारी
अधिवेशन के बाद प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा जयपुर शहर और ग्रामीण के जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों से वार्ता करेंगे। रंधावा के पदभार संभालने के बाद अब आगामी चुनावों को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस के निचले संगठन को मजबूत करने के लिए काम किया जाएगा। साथ ही नई कार्यकारिणी हो का गठन किया जाएगा। निचले तबके के लीडर को फ्रंटलाइन में लाने के लिए राहुल गांधी के निर्देश पर भी काम किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications