कांग्रेस नेता परसराम मोरदिया व भाजपा नेता संजना आगरी बने समधी-समधन, शादी में गहलोत-राजे भी पहुंचे
जयपुर, 7 दिसम्बर। राजस्थान में भाजपा-कांग्रेस के दो दिग्गज नेताओं के बेटा-बेटी की शादी में चर्चा है। वजह ये है कि राजनीति में भले ही ये दोनों नेता एक दूसरे के धुर विरोधी हों, मगर इस शादी ने दोनों को समधी समधन बना दिया। नाम है विधायक परसराम मोरदिया व पूर्व विधायक संजना आगरी।

कई दिग्गज नेताओं ने शिरकत की
राजस्थान की सियासत के दो सीनियर नेताओं के बीच पारिवारिक रिश्तेदारी बनाने वाली इस शादी में सीएम अशोक गहलोत व पूर्व सीएम वसुंधरा राजे सिंधिया समेत कई दिग्गज नेताओं ने शिरकत की। दोनों ने दूल्हा-दुल्हन को सुख वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद प्रदान किया।

जयपुर स्थित होटल में शादी हुई
दरअसल, सीकर जिले की धोद सीट से कांग्रेस विधायक परसराम मोरदिया की बेटी सुमन मोरदिया व पाली जिले की सोजत से भाजपा की पूर्व विधायक संजना आगरी के बेटे कुणाल की सोमवार को जयपुर स्थित एक होटल में शादी हुई।

परसराम मोरदिया धोद विधायक
बता दें कि सीकर में 2 जून 1950 को जन्म परसराम मोरदिया धोद विधायक हैं। लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े हुए हैं। राजस्थान हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन भी रह चुके हैं। धोद से पहले सीकर जिले की लक्ष्मणगढ़ विधानसभा सीट से साल 1977 से 1985 और 1990 से 2003 तक विधायक रह चुके हैं।

सोजत से पूर्व विधायक संजना आगरी
इधर, पाली जिले के सोजत से पूर्व विधायक संजना आगरी भाजपा से लंबे समय से जुड़ी हुई हैं। ये दो बार विधायक बन चुकी हैं। पांच साल पहले इनके पति वरिष्ठ वकील कानाराम आगरी का 43 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। उनका जयपुर व अहमदाबाद इलाज चला था।












Click it and Unblock the Notifications