Jaipur Hit And Run Case Video : कार की टक्कर के बाद हवा में उछले बाइक सवार, सीए स्टूडेंट की मौत
जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में हिट एंड रन का सोमवार को एक और मामला सामने आया है। यहां के त्रिमूर्ति सर्किल पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी, जिससे वे हवा में उछलते हुए सड़क पर जा गिरे। हादसे में एक युवक ने दम तोड़ दिया। दूसरे गंभीर रूप से घायल युवक का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

दुर्घटना थाना (पूर्व) के प्रभारी संजीव चौहान ने बताया कि हादसे में सीए की तैयारी कर रहे वैभव सिंहल (17) की मौत हो गई। घायल युवक का नाम प्रज्जवल डंगायच बताया जा रहा है। सोमवार सुबह 4 बजे दोनों दोस्त किसी बर्थडे पार्टी से घर लौट रहे थे। वे जेएलएन मार्ग पर त्रिमूर्ति सर्किल से एसएमएस अस्पताल की तरफ जा रहे थे। तभी सर्किल क्रॉस करते वक्त राजापार्क की तरफ से टोंक रोड की तरफ जा रही ईको स्पोर्ट कार ने उनकी पल्सर बाइक को टक्कर मार दी। वैभव व प्रज्जवल उछलकर सड़क पर गिर गए। इसके बाद कार वहां से निकल गई।

घटना के बाद वहां से गुजर रही पूजा बैरवा व राहुल नाम का युवक मदद को मौके पर रुके। इनमें पूजा ने गंभीर घायल वैभव को खुद एसएमएस अस्पताल के ट्रामा सेंटर पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने वैभव को मृत घोषित कर दिया। इसी तरह, वैभव के साथ घायल हुए प्रज्जवल डंगायच को राहुल ने एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। उसका एक पैर फ्रेक्चर हो गया है।
राहगीरों ने बताया कि पल्सर बाइक की स्पीड भी बहुत तेज थी। दोनों युवकों ने हेलमेट भी नहीं लगा रखा था। टक्कर के वक्त दोनों गाड़ियों की स्पीड तेज होने से त्रिमूर्ति सर्किल पर हादसा हो गया। थानाप्रभारी प्रारंभिक पड़ताल में कार मालिक ढेहर का बालाजी निवासी विमलेश सैनी नाम की महिला की होने की जानकारी सामने आई है। उसे नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना
त्रिमूर्ति सर्किल पर हुई यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसे देखने वालों के रौंगटे खड़े हो गए। बता दें कि जेएलएन मार्ग पर हिट एंड रन का हाल ही का यह दूसरा मामला है। इससे पहले जेडीए सर्किल पर भी ऐसी घटना सामने आ चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications