Rajasthan में गहलोत सरकार को घेरने आएंगे भाजपा के केंद्रीय नेता, जन आक्रोश सभाओं के जरिए करेंगे हल्ला बोल
राजस्थान में जन आक्रोश यात्रा के दौरान गहलोत सरकार को घेरने के लिए भाजपा के केंद्रीय नेता आएंगे। ये नेता जन आक्रोश सभाओं को सम्बोधित करेंगे।

Rajasthan में कांग्रेस सरकार को घेरने के लिए अब भाजपा के केंद्रीय नेता भी प्रदेश में आएंगे। भाजपा के नेता जनाक्रोश सभाओं के माध्यम से जनसभाओं को संबोधित कर प्रदेश सरकार की नाकामियों जनता को गिनाएंगे। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय और केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला व वीके सिंह जनसभाओं को संबोधित करेंगे। भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय पाली में शुक्रवार को जन आक्रोश सभा को संबोधित करेंगे। वहीं 2 जनवरी को केंद्रीय मंत्री वीके सिंह जोधपुर कलेक्ट्रेट के सामने और 3 जनवरी को केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में दोपहर 1 बजे जन आक्रोश सभा को संबोधित करेंगे।

प्रदेश की कानून व्यवस्था के बुरे हाल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था के बुरे हाल हैं। गांव से लेकर शहर तक और घर में भी आमजन व बहन बेटियां तक सुरक्षित नहीं है। 4 वर्षों में 8 लाख 61 हजार से ज्यादा मुकदमों में महिलाओं, आदिवासियों और दलितों के खिलाफ सबसे अधिक अपराध हुए हैं। गौरतलब है कि कांग्रेस सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदेश के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा द्वारा जन आक्रोश सभाओं का आयोजन किया जा रहा है।

फिर उठा पेपर लीक मामला
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राजस्थान के प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने गुरुवार को टोडाभीम विधानसभा क्षेत्र के नादौती में जन आक्रोश सभा को संबोधित कर पेपर लीक मामले को लेकर अशोक गहलोत सरकार को घेरा। सिंह ने कहा कि भर्ती परीक्षा पेपर लीक करने वाले माफियाओं पर लगाम लगाने में सरकार नाकाम रही है। सरकार की विफलता के चलते पेपर लीक हो रहे हैं। अपराध बढ़ रहे हैं। राजस्थान में गत 4 साल में कांग्रेस के शासनकाल में भ्रष्टाचार, महिला, दलित उत्पीड़न, गैंगवार, गैंगरेप, बेरोजगारी, महंगाई में बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश की जनता सरकार की वादाखिलाफी का शिकार हुई है।

राजस्थान में बहन बेटियां तक सुरक्षित नहीं
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने गुरुवार को दूदू और किशनगढ़ में जन आक्रोश सभा को संबोधित किया। उन्होंने भी पेपर लीक के मामले को लेकर सरकार को घेरा। पूनिया ने कहा कि वर्तमान सरकार ने किसानों और युवाओं के साथ बड़ा छल किया है। कांग्रेस सरकार के 4 वर्षों में लगभग 16 बार पेपर लीक हो चुके हैं। 2018 में किसानों से संपूर्ण कर्ज माफी करने का राहुल गांधी का वादा पूरा नहीं किया गया है। प्रदेश में 69 लाख किसान कर्ज माफी का इंतजार कर रहे हैं। कर्जे से तंग आकर प्रदेश भर में 200 से अधिक किसानों ने सुसाइड कर लिया है। वहीं पेपर लीक से परेशानी युवाओं ने भी आत्महत्या की है। इससे कई परिवारों के सपने टूट गए हैं। प्रदेश में बहन बेटियां सुरक्षित नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications