अमृत महोत्स्व नेहरू के बिना सफल नहीं हो सकता, सीएम गहलोत ने साधा केंद्र पर निशाना
जयपुर, 22 अगस्त। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू के बिना कोई भी अमृत महोत्सव सफल नहीं हो सकता है। भाजपा शासनकाल में इंदिरा गांधी का कोई जिक्र नहीं है। इसके अलावा कई महान स्वतंत्रता सेनानी थे। लेकिन वह लोग उनके बारे में बात नहीं करते। मोदी सरकार इतिहास के बारे में लोगों को सच नहीं बताना चाहती है। इन लोगों ने अमृत महोत्सव को सिर्फ इवेंट बनाकर खानापूर्ति की है। युवा पीढ़ी को आजादी के आंदोलन के बारे में जानकारी होनी चाहिए। युवाओं को देश की उन्नति और प्रगति के बारे में बता कर उन्हें गर्व महसूस करवाना चाहिए। यही पीढ़ी आने वाले वक्त के अंदर देश का भार संभालने वाली है।

महंगाई और बेरोजगारी पर केंद्र सरकार पर बरसे
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने महंगाई, बेरोजगारी और जीएसटी को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला। महंगाई, बेरोजगारी और जीएसटी देश में बड़ा मुद्दा बन चुका है। हमने केंद्र सरकार को इसके विरोध में पत्र लिखा है। महंगाई और बेरोजगारी को लेकर मोदी बौखला गए हैं। देश के हालात बहुत बुरे हैं। महंगाई सभी सीमाएं पार कर चुकी है। गरीब आदमी और गरीब होता जा रहा है। अमीर और गरीब के बीच खाई बढ़ती जा रही है। अमीर आदमी और अमीर हो रहा है। केंद्र सरकार की आर्थिक नीति से देश का माहौल कुछ लोगों तक सीमित होकर रह गया है। आम आदमी महंगाई से त्रस्त है। डॉलर के भाव 80 रूपए क्रॉस कर गए हैं। देश किस दिशा में जा रहा है। इसकी चिंता नहीं है। उन्हें सिर्फ कांग्रेस मुक्त भारत की चिंता है।












Click it and Unblock the Notifications