शादी में दहेज नहीं लेने वाला नारकोटिक्स इंस्पेक्टर 2 लाख की घूस लेते गिरफ्तार, दूल्हन को गिफ्ट की थी कार
राजस्थान नारकोटिक्स इंस्पेक्टर अमन फोगाट को जयपुर एसीबी ने दो लाख की रिश्वत लेते पकड़ा
जयपुर, 17 दिसम्बर। राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने जयपुर में कार्रवाई करते हुए नारकोटिक्स विभाग के इंस्पेक्टर अमन फोगाट को दो लाख रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा है। अमन फोगाट मूलरूप से झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ इलाके के गांव बड़सरी का बास निवासी है।

मेडिकल स्टोर संचालक से ली घूस
नारकोटिक्स निरीक्षक अमन फोगाट ने रिश्वत की यह राशि जयपुर में एक मेडिकल स्टोर संचालक से एनडीपीएस एक्ट में नहीं फंसाने की एवज में ली थी। अमन ने मेडिकल स्टोर संचालक से पांच लाख रुपए मांगे थे, मगर सौदा दो लाख रुपए में तय हुआ।

छह दिसम्बर को एसीबी के पास शिकायत
एसीबी के अनुसार छह दिसम्बर को पीड़ित ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि नारकोटिक्स इस्पेक्टर अमन फोगाट उससे घूस मांग रहा है। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी एसपी कालूराम रावत के निर्देशन में एएसपी हिमांशु कुलदीप व डीएसपी सुरेश स्वामी टीम बनाई।

बाइक पर बैठाकर घुमाता रहा
योजनानुसार एसीबी टीम परिवादी के साथ जयपुर के विद्याधरनगर स्थित इंस्पेक्टर के आवास पर पहुंची। आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने घर से थोड़ी दूर आ गया था। वहां से परिवार को भी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया और करीब 10-15 मिनट इधर-उधर घुमाता रहा।

आवास पहुंचकर कुंडी लगाई
इसके बाद वह परिवार को सीधे अपने आवास पर ले गया। आवास में पहुंचने के बाद इंस्पेक्टर ने कुंडी लगा ली थी। इशारा पाकर एसीबी आवास पर पहुंची तो आरोपी ने दरवाजा नहीं खोला। फिर एसीबी ने कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया। वहां पर नारकोटिक्स इंस्पेक्टर अमन फोगाट को अरेस्ट कर लिया और घूस के रुपए बरामद कर लिए गए।
पिता ओमप्रकाश फोगाट भारतीय सेना से रिटायर
बता दें कि रिश्वत के आरोपी नारकोटिक्स इंस्पेक्टर अमन फोगाट के पिता ओमप्रकाश फोगाट भारतीय सेना से रिटायर हो चुके हैं। वर्तमान में वे आबकारी विभाग में कार्यरत हैं।

ढाई साल पहले हुई बिना दहेज की शादी
ढाई साल पहले अमन की शादी हुई थी। तब इनके परिवार ने दहेज नहीं लिया। वहीं, दुल्हन को क्रेटा कार तोहफे में भेंट की गई थी, जो आस-पास के क्षेत्र के चर्चा का विषय बनी थी।

दूल्हा-दुल्हन ने किया था उद्घाटन
रिटायर फौजी ओमप्रकाश फोगाट ने अपने पिता भोमाराम की स्मृति में करीब साढ़े तीन लाख रुपए की लागत से बनवाए गए गांव के प्रवेश द्वार का उद्घाटन भी दूल्हे अमन फोगाट व उसकी दुल्हन ने किया था।












Click it and Unblock the Notifications