Rajashan में भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में अजय माकन नहीं होंगे शामिल, जानिए पूरा मामला
Rajasthan में भारत जोड़ो यात्रा की निगरानी और इंतजाम के लिए गठित कमेटी की बुधवार को जयपुर में आयोजित बैठक में एआईसीसी महासचिव और राजस्थान के प्रभारी अजय माकन शामिल नहीं होंगे। यह बैठक भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आयोजित की गई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस हाईकमान ने अजय माकन द्वारा उठाए गए कुछ मुद्दों का अभी तक समाधान नहीं किया है। इसलिए वह बैठक में शामिल नहीं होंगे। पिछले दिनों अजय माकन ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखकर राजस्थान का प्रभारी पद छोड़ने की इच्छा जाहिर की थी।

अगले महीने राजस्थान आएगी भारत जोड़ो यात्रा
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 3 दिसंबर को राजस्थान में झालावाड़ के रास्ते प्रवेश कर रही है। प्रदेश में कांग्रेस में गुटबाजी को देखते हुए इस यात्रा को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की सांसें फूली हुई है। नेताओं को डर है कि राहुल गांधी के सामने कोई बवाल नहीं हो जाए। भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान में गुर्जर और मीणा बहुल इलाकों से गुजरने वाली है। गुर्जर समुदाय ने यात्रा के विरोध की चेतावनी भी दे रखी है। राजस्थान में गुर्जर समुदाय सचिन पायलट को मुख्यमंत्री नहीं बनाए जाने से नाराज है। इस लिहाज से बहुत बारीकियों को ध्यान में रखकर इस यात्रा की तैयारियों को अंजाम दिया जा रहा है।

कांग्रेस की गुटबाजी का भारत जोड़ो यात्रा पर दिखेगा असर
राजस्थान में कांग्रेस पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी का असर भारत जोड़ो यात्रा पर भी दिखेगा। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक राजस्थान कांग्रेस में गहरा विभाजन पार्टी के लिए अच्छी खबर नहीं है। ऐसे में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा जब राजस्थान आएगी। तब यहां राहुल को कांग्रेस की गुटबाजी को प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर मिल सकता है। भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों को लेकर जयपुर में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सचिन पायलट, गोविंद सिंह डोटासरा, भंवर जितेंद्र सिंह, हरीश चौधरी, रघुवीर मीणा सहित 32 प्रमुख नेता शामिल होंगे। कांग्रेस की ओर से बनाई गई 14 कमेटियों में से 13 कमेटियों का जिम्मा प्रदेश के मंत्रियों को दिया गया है। ऐसे में 13 मंत्री भी इस बैठक में शामिल होंगे।

अगले 10 दिन में मिल सकता है राजस्थान को नया प्रभारी
राजस्थान के प्रभारी अजय माकन राजस्थान की जिम्मेदारी संभालने के लिए इंकार करते हैं तो पार्टी अगले 10 दिन में राजस्थान के लिए नया प्रभारी नियुक्त कर सकती है। क्योंकि भारत जोड़ो यात्रा 3 से 6 दिसंबर तक राजस्थान में प्रवेश कर जाएगी। देश के प्रत्येक राज्य में भारत जोड़ो यात्रा के समय प्रभारी भी मौजूद रहे हैं। ऐसे में संभावना है कि अगर बुधवार को अजय माकन जयपुर में होने वाली महत्वपूर्ण बैठक में शामिल नहीं होते हैं तो भारत जोड़ो यात्रा के राजस्थान में प्रवेश करने से पहले ही प्रदेश को नया प्रभारी मिल सकता है।












Click it and Unblock the Notifications