राजस्थान में मंत्रिमंडल विस्तार पर क्या बोले AICC प्रभारी अजय माकन?
जयपुर, 25 जुलाई: कांग्रेस की तरफ से राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच विवाद को खत्म करने की कोशिश जारी है। इस बीच जयपुर में रविवार को कांग्रेस विधायकों और पार्टी प्रदेश कार्यकारिणी पदाधिकारियों की एक बैठक हुई। इस बैठक के बाद राज्य मंत्रिमंडल विस्तार के संबंध में राजस्थान के ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) प्रभारी अजय माकन ने कहा, ''हम जल्द ही अपने फैसले की घोषणा करेंगे। जिला और ब्लॉक स्तर की कांग्रेस टीमों की नियुक्ति पर राय लेने के लिए कांग्रेस विधायकों से अलग-अलग मिलने के लिए मैं 28 जुलाई और 29 जुलाई को फिर से राजस्थान का दौरा करूंगा।''

'कांग्रेस नेताओं ने कहा- नेतृत्व जो फैसला करेगा उसे स्वीकार करेंगे'
अजय माकन ने कहा, ''हम अपने नेताओं के साथ कैबिनेट विस्तार, कांग्रेस के जिला और ब्लॉक स्तर के प्रमुखों की नियुक्ति और बोर्डों और निगमों में नियुक्तियों पर चर्चा कर रहे हैं। सभी ने कहा है कि नेतृत्व जो फैसला करेगा उसे स्वीकार करेंगे।''
28-29 जुलाई को हो सकता है राजस्थान में मंत्रिमंडल विस्तार
अजय माकन ने कहा है कि वह 28 जुलाई और 29 जुलाई को फिर से राजस्थान का दौरा करेंगे। ऐसे में माना जा रहा है कि 28-29 जुलाई को ही राजस्थान में मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है। पीसीसी की बैठक में विधायकों को 28 जुलाई को जयपुर में रहने का निर्देश दिया गया है। बता दें, रविवार को हुई बैठक में पायलट खेमे के विधायक जीआर खटाना, रामनिवास गावरिया और मुकेश भाकर शामिल हुए। कांग्रेस सरकार का समर्थन कर रहे निर्दलीय विधायक और बीएसपी से कांग्रेस में आए विधायक संदीप यादव भी पार्टी की बैठक में पहुंचे। पायलट जब बैठक में भाग लेने के लिए पहुंचे तो वहां मौजूद उनके समर्थकों ने नारेबाजी की।












Click it and Unblock the Notifications