राजस्थान: रोजाना 25 हजार कोरोना संदिग्धों की हो रही जांच-चिकित्सा मंत्री
जयपुर। कोरोना महामारी को लेकर राजस्थान में जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। प्रदेश ने रोजाना 25 हजार 150 जांच के लक्ष्य को हासिल कर लिया है। राजस्थान के चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने बताया कि चिकित्सा विभाग ने सोमवार को प्रतिदिन 25,150 जांच करने का लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। अब प्रत्येक जिले में जांच सुविधा विकसित करने के लक्ष्य को भी जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा।

राजस्थान में जब कोरोना वायरस का पहला पॉजिटिव केस आया था। तब जांच की सुविधा नहीं थी। इसके चलते सैंपल को पुणे की लैब में भेजना पड़ता था। रिपोर्ट आने में टाइम लगता था। मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने बताया कि सबसे पहले 10 हजार जांचें प्रतिदिन करने का लक्ष्य रखा गया। कुछ ही दिनों में इसे हासिल कर दोबारा 25 हजार जांचें प्रतिदिन करने के निर्देश दिए गए। अब विभाग 25 हजार 150 जांच प्रतिदिन कर पाने में सक्षम हो गया है।
मंत्री ने बताया कि भले ही प्रदेश में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 10696 तक जा पहुंची है, लेकिन पॉजिटिव से नेगेटिव होने की संख्या भी उतनी ही तेजी से बढ़ी है। इनमें से 7814 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। राजस्थान में रिकवरी का अनुपात 73 फीसदी से ज्यादा है, जो कि अन्य राज्यों से बेहतर है। राज्य में प्रवासी व अन्य सभी एक्टिव केसेज को मिलाकर संख्या केवल 2641 है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कोरोना पीड़ित भी 21 दिनों में दोगुने तक हो रहे हैं। अब तक जो मृत्यु के मामले सामने आए हैं। उनमें से ज्यादा लोग अन्य बीमारियों से ग्रसित थे।
मंत्री डॉ. शर्मा ने बताया कि प्रदेश में कोरोना वायरस को नियंत्रित करने में चिकित्सक, नर्सिंगकर्मी, पैरा मेडिकल स्टाफ, सफाईकर्मी, प्रशासक, पुलिस और लोगों को जागरूक करने के लिए मीडिया की अहम भूमिका रही है। यही वजह है कि राजस्थान कम मृत्यु दर, रिकवरी, एक्टिव केसेज के नियंत्रण सहित हर मामले में अग्रणी राज्यों में शुमार रहा है।












Click it and Unblock the Notifications