Covid-19 in Rajasthan : जयपुर में कोरोना का विस्फोट, 24 घंटे में 185 नए केस, 6 माह में सर्वाधिक संक्रमण
जयपुर, 30 दिसम्बर। नए साल 2022 में कोरोना महामारी की तीसरी लहर की आशंका बढ़ती ही जा रही है। 30 दिसम्बर 2021 को राजस्थान की राजधानी जयपुर में 185 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। बीते छह माह में सर्वाधिक है। एक दिन पहले ही अशोक गहलोत सरकार की कैबिनेट की बैठक में कोरोना महामारी को लेकर नई गाइडलाइन जारी की गई हैं।

कोरोना महामारी को लेकर जारी नई गाइडलाइन एक जनवरी 2022 से लागू होगी, मगर इससे पहले ही जयपुर में कोरोना का विस्फोट होने से सरकार के साथ-साथ आमजन की चिंता बढ़ा दी है। लापरवाही का आलम यही रहा तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी भयावह हो सकती है।

जयपुर सीएमएचओ की रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार को सबसे ज्यादा मामले मानसरोवर में 23 केस मिले हैं। पिछले 7 दिन की स्थिति देखें तो जयपुर में 481 से ज्यादा मरीज मिल चुके हैं। बता दें कि जयपुर में 65 फीसदी टारगेट ग्रुप का वैक्सीनेशन हो चुका है।
जयपुर जिले में कुल 50 लाख 8281 लोगों को वैक्सीन लगनी है, जो 18 साल या उससे ज्यादा उम्र के हैं। इनमें से 49 लाख 20,813 लोगों को वैक्सीन की कम से कम एक डोज लग चुकी है। 32 लाख 93,478 लोगों का वैक्सीनेशन हो चुका है।












Click it and Unblock the Notifications