छत्तीसगढ़: निजी हाथों में नहीं जाने देंगे नगरनार स्टील प्लांट, जगदलपुर में सीएम भूपेश ने दोहराया संकल्प
रायपुर, 25 मई। छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने एक बार फिर जगदलपुर के नगरनार स्टील प्लांट को निजी हाथों में जाने देने की बात कही है।बुधवार को सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि वह नगरनार स्टील प्लांट को किसी भी सूरत में बिकने नहीं देंगे, चाहे तो उसे केंद्र सरकार चलाये, नहीं तो छत्तीसगढ़ सरकार चलाएगी।

अपने भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान नानगुर में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने यह बात अपने संबोधन में कही। सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि नगरनार में स्थानीय लोगों के हितों और सरोकार से मैं सदैव से जुड़ा रहा हूँ ,मैंने उनके हक़ में धरना दिया था और पदयात्रा भी की है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कहा कि हमारी बेटियों को नगरनार प्लांट प्रबंधन को नौकरी देनी होगी।
नगरनार में सीएम भूपेश से इस दौरान स्थानीय लोगों ने कालेज खोलने की मांग की,जिसपर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि कालेज प्लांट प्रबंधन से ही खुलवाएंगे। सीएम ने कहा कि प्लांट ने हमारे लोगों की जमीन ली है तो उन्हें कालेज भी ही खोलना होगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नानगुर में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी भी ली ।
बढ़ाई जा चुकी है नगरनार स्टील प्लांट को एनएमडीसी से अलग करने की प्रक्रिया
गौरतलब है कि जगदलपुर के नगरनार स्टील प्लांट को एनएमडीसी से अलग करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा चुकी है। एनएमडीसी की तरफ से 23 हजार 140 करोड़ रुपये के तीन मिलियन टन सालाना उत्पादन क्षमता के नगरनार स्टील प्लांट के विनिवेशीकरण की स्थिति में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा खरीदकर संचालित करने के संदर्भ में विधानसभा में शासकीय संकल्प पारित किया गया था ।
हैदराबाद स्थित एनएमडीसी मुख्यालय से नगरनार स्टील प्लांट प्रबंधन से इस संबंध में पत्राचार भी किया जा चुका है । विस्तार पूर्वक समझा जाए तो , 2020 में राष्ट्रीय खनिज विकास निगम के नगरनार स्टील संयंत्र को मोदी सरकार ने निजी हाथों में बेचने का फैसला किया था । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में अक्टूबर 2020 में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति ने नगरनार प्लांट को एनएमडीसी से अलग करने का निर्णय लिया था। उस समय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा था, एनएमडीसी से अलग होने के बाद केंद्र सरकार इसमें अपनी सारी हिस्सेदारी बेच देगी।
नानगुर बनेगी पूर्ण तहसील
अपने भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान सीएम भूपेश बघेल ने जगदलपुर के नानगुर को विकसित करने के लिए महत्वपूर्ण घोषणा भी की। सीएम ने नानगुर उपतहसील को पूर्ण तहसील बनाने की घोषणाकरने के साथ वहां महाविद्यालय शुरू करने, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल आरंभ करने और सहकारी बैंक की शाखा शुरू करने की घोषणा भी की। इसके अलावा नानगुर में पुलिस थाना खोलने के साथ शहीद गुंडाधुर की जन्मभूमि नेतानार में हाईस्कूल को हायर सेकेंडरी स्कूल में उन्नयन करने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चौपाल में लोेगों से बातचीत के दौरान पनारापारा, भैरमगंज, बाण्डापारा, पोडागुड़, धनखोजी और तुरेनार के हाई स्कूलों को भी हायर सेकेण्डरी स्कूल बनाने का एलान किया । उन्होंने जगदलपुर शहर में एक ओर स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल की शुरू करने की घोषणा की। सीएम बघेल ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कहा कि लालबाग तक जनसुविधाओं के विस्तार के लिए नेशनल हाइवे से सड़क का निर्माण किया जाएगा।
यह भी पढ़ें 9 साल बाद भी झीरमघाटी के शहीदों को न्याय नहीं मिल पाया, इसका हमे दुख है:सीएम भूपेश बघेल












Click it and Unblock the Notifications