MP Weather Update: राजधानी भोपाल, जबलपुर में पारा 10 डिग्री के करीब, इंदौर-ग्वालियर में फिलहाल राहत
मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में सर्दी का सितम जारी है। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के करीब होने से राजधानी भोपाल समेत जबलपुर, मलाजखंड, नौगांव, उमरिया ज्यादा ठिठुर रहे है। इंदौर-ग्वालियर में फिलहाल राहत हैं।
मध्यप्रदेश के कुछ इलाकों में मौसम लगातार करवट बदल रहा है, तो कुछ जगहों पर मिजाज स्थिर बना हुआ है। महाकौशल-बुंदेलखंड के कुछ जिलों समेत राजधानी भोपाल में ठंड का जोर दिखाना बदस्तूर जारी है। मौसम विभाग ने कुछ जगहों पर शीत लहर की चेतावनी भी जारी की हैं। वहीं मालवा और चंबल में फिलहाल लोगों को तेज ठंड से राहत है। जिन मैदानी इलाकों में तापमान में लगातार गिरावट जारी है, वहां लोग ठंड से बचाव के लिए तरह-तरह के उपाय कर रहे है। स्थानीय प्रशासन से गरीब बस्तियों में अलाव जलाने की मांग भी की जा रही हैं।

एमपी में कई इलाके जहां तेज ठंड से ठिठुर रहे है तो वही कुछ जगहों पर गुलाबी ठंड का ही अहसास हो रहा हैं। महाकौशल और बुंदेलखंड के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे ही हैं। इस वजह से शाम ढलने के बाद लोग अभी से कड़ाके की ठंड का अहसास कर रहे हैं। बीते 24 घंटों में प्रदेश में मलाजखंड, जबलपुर, उमरिया, नौगांव में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में भी न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के पास ही रहा। राहत की बात यह है अभी सर्द हवाओं ने अपना असर दिखाना उतना शुरू नहीं किया है, जितना पिछले हफ़्ते अनुमान लगाया जा रहा था।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश के बड़े शहरों जबलपुर, भोपाल, इंदौर और ग्वालियर में पिछले दो दिनों की तरह ही मौसम रहने का अनुमान हैं। भोपाल और जबलपुर जहां तापमान में गिरावट जारी है, वहां दिन के वक्त जरुर लोगों को राहत मिलेगी, लेकिन रात में ठंड अपना असर बरक़रार रखेगी। इन दोनों ही शहरों में न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं इंदौर और ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 12 से 15 डिग्री और अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री दर्ज होने का अनुमान हैं।












Click it and Unblock the Notifications