Jabalpur: बरगी बांध के गेट खुले, भारी बारिश से शहर में बाढ़ जैसे हालात, सोमवार को स्कूलों में छुट्टी
जबलपुर, 21 अगस्त: एमपी में भारी बारिश का दौर जारी है। जबलपुर में शनिवार रात से जारी लगातार बारिश की वजह से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। शहर की निचली बस्तियों में जलभराव के हालात बन गए। वही जिले के कई गांव बाढ़ जैसे हालातों की वजह से खाली कराने पड़े। शहर के पॉश एरिया की कई कॉलोनियों में भी पानी भरने से प्रशासन के दावें पानी में बहते नजर आए। विजयनगर के लमती इलाके में उफनाए एक नाले में फंसे परिवार को बचाया गया। भारी बारिश की वजह से कलेक्टर ने सोमवार को जिले के सभी सरकारी प्राइवेट स्कूलों में अवकाश घोषित किया है।

हर मोहल्ले गली में पानी-पानी हुआ शहर
जबलपुर में शनिवार रात से बारिश का सिलसिला जारी है। जिसकी वजह से शहर का कोई इलाका अछूता नहीं रहा, जहां जल भराव की स्थिति न बनी हो। रविवार की सुबह और शाम कुछ घंटे तेज बारिश होती रही। बाकी वक्त भी लगातार बारिश के कारण नाले उफना गए और निचली बस्तियां जल मग्न हो गई। कई जगहों पर घुटने-घुटने पानी भर गया। पानी की निकासी न होने की वजह से लोग हलाकान होते रहे। थोड़ी देर के लिए बारिश धीमी होने के बाद फिर तेज होने से स्थिति ही बन पा रही थी कि बारिश का पानी निकल सकें।

कलेक्टर, नगर निगम कमिश्नर ने संभाला मोर्चा
कलेक्टर डॉ इलैयाराजा टी ने सिविक सेंटर, गढ़ा के शिवनगर, बिलहरी पिंक सिटी, चैतन्य सिटी, मॉडल टाउन इलाके में पहुंचे। भ्रमण कर जलप्लावन की स्थिति का जायजा लिया। जहां जल निकासी नहीं थी, उसके लिए कई निगमायुक्त को निर्देश दिए कि फ़ौरन वैकल्पिक रूप से जल निकासी की व्यवस्था की जाए। निचली बस्तियों में भी पहुंचकर कलेक्टर ने हालात का जायजा लिया। कुछ जगहों पर नालों की सफाई न होने से बनी जल प्लावन की स्थिति को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों पर नाराजगी भी जाहिर की।

महापौर ने लिया जलभराव वाले इलाकों का जायजा
कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालातों से जूझ रहे लोगों के फोन नगर निगम में दिन भर घनघनाते रहे। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, एमआईसी सदस्यों के साथ कई जगहों पर निरीक्षण के लिए पहुंचे। कछपुरा,गढ़ा, गोरखपुर, दमोहनाका, सिविल लाइन, बलदेबाग, आदि संभागों के अंतर्गत आने वाले अनेक क्षेत्रों में स्थिति बड़ी दयनीय थी। कुछ जगहों पर घुटने-घुटने पानी भरा था। मौके पर खड़े होकर मेयर ने जल निकासी भी करवाई। साथ ही मौसम विभाग द्वारा दिए गए बारिश के अलर्ट को देखते हुए महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने निगम के अमले को सतर्क, सजग रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा है कि नागरिकों को किसी भी हालत में परेशानी न हो इसे ध्यान में रखते हुए काम किया जाए।

पॉश एरिया विजयनगर लमती नाले में फंसा परिवार
शहर के पॉश एरिया विजयनगर लमती के पास नाले में बच्चों समेत एक परिवार फंस गया। जिसकी खबर लगते ही एसडीआरएफ की टीम के साथ अधिकारी पहुंचे और प्रभावित पारिवार को सुरक्षित बचाया गया। यह गरीब परिवार नाले के नजदीक झोपड़ी रह रहा था। बारिश लगातार जारी थी, अप्रिय हालात बनने से पहले क्षेत्रीय लोगों ने इसकी जानकारी प्रशासन को दी। जिसके बाद परिवार को नाले के पास झोपड़ी से निकालकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।

जलभराव वाले प्रभावित मकानों को खाली कराया
अधारताल तहसील के उर्दुवाखुर्द गांव के नजदीक तो बाढ़ जैसी स्थिति नजर आई। आसपास के मकान जिनकी डूबने की संभावना ज्यादा थी, उन्हें पहले ही खाली करा लिया गया। इस क्षेत्र में बाद में निगम प्रशासन का अमला पहुंचा और पानी निकासी की व्यवस्था में जुटा। इस इलाके में बेरिकेड्स लगवा दिए, साथ जल निकासी पूरी न होने तक लोगों को घरों में रहने से भी मना किया गया है। ऐसे प्रभावित लोगों सुरक्षित स्थानों पर रहने का इंतजाम किया गया है।

जिले के सभी स्कूलों में सोमवार को अवकाश
जिले में लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर प्रशासन ने स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी ने बताया कि कक्षा 1 से 12वीं तक के विद्यार्थियों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए जिले में संचालित समस्त शासकीय-अशासकीय विद्यालयों में 22 अगस्त को विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications