Jabalpur News: नकुल और कमलनाथ को लेकर विजयवर्गीय का बड़ा बयान, बोले- भाजपा को दोनों से फर्क नहीं पड़ता
जबलपुर में पहुंचे नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, "नकुलनाथ चुनाव लड़ें या कमलनाथ, BJP को कोई फर्क नहीं पड़ता।" उन्होंने दावा किया, "देशभर में हम 400 से अधिक लोकसभा सीटें जीत रहे हैं। मध्य प्रदेश में सभी 29 सीटों पर हम जीत हासिल करेंगे।"
मंडला जाने के दौरान जबलपुर के सर्किट हाउस में विजयवर्गीय ने मीडिया से बातचीत की। छिंदवाड़ा से कांग्रेस की ओर से नकुलनाथ को उम्मीदवार बनाए जाने पर उन्होंने कहा, "कांग्रेस ऐसे लोगों को टिकट दे रही है, जो करोड़पति हैं। विजयवर्गीय मंडला में पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। वहां से हम इंदौर जाएंगे।"

हमने बड़ा हनुमान मंदिर बनाया: नाथ
कांग्रेस ने छिंदवाड़ा से सांसद नकुलनाथ पर दोबारा भरोसा जताया है। एक टीवी चैनल के इंटरव्यू में उनसे पूछा गया, "अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद माना जा रहा है कि BJP को इससे फायदा होगा? इसके जवाब में नकुलनाथ ने कहा, "BJP हमेशा धर्म को राजनीतिक मंच पर लाती है। हम भी राम भक्त हैं। राम हमारे दिल में बसते हैं।" उन्होंने कहा, "हमने 12 साल पहले छिंदवाड़ा में सबसे बड़ा हनुमान मंदिर बनवाया, पर कोई प्रचार नहीं किया और BJP तो इस तरह प्रचार कर रही है, जैसे राम मंदिर का पट्टा उनके हाथ में है।"
छिंदवाड़ा सीट को कांग्रेस पार्टी का मजबूत गढ़ माना जाता है। 44 साल से लगातार कमलनाथ या उनके परिवार के सदस्य यहां से चुनाव जीतते आ रहे हैं। 1997 में BJP से सुंदरलाल पटवा ने कमलनाथ को हराया था। भाजपा इस विजय को दोहराना चाहती है। दूसरी ओर कमलनाथ और नकुलनाथ ने भी गढ़ बचाने के लिए पूरी तैयारी की है।












Click it and Unblock the Notifications