Jabalpur: पुलिस दल पर हमला, ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश, मुठभेड़ में टीआई घायल
जबलपुर, 24 अगस्त: MP में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद है कि अब उनको पकड़ने पहुंच रही पुलिस पर जानलेवा हमला किया जा रहा हैं। जबलपुर में ग्रामीण इलाके में चोरों को पकड़ने गए थानेदार और स्टाफ को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश की गई, फिर हमला कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि वारदात का शिकार टीआई विनोद पाठक ट्रैक्टर चोरी के मामले में आरोपियों को पकड़ने पहुंचे थे, तभी उनसे मुठभेड़ हुई।

ट्रैक्टर एजेंसी में हुई थी चोरी
जबलपुर जिले के बिजौरी गांव आयशर ट्रैक्टर एजेंसी से एक ट्रैक्टर चोरी हो गया था। जिसकी चरगंवा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इस मामले की पड़ताल कर रही पुलिस को खबर लगी कि चोरी गया ट्रैक्टर जिन लोगों ने चुराया है, आरोपी पनागर क्षेत्र में है। चोरों का इनपुट मिलने के बाद टीआई विनोद पाठक अपने स्टाफ के साथ आरोपियों के ठिकाने पर पहुंचे। पुलिस को देख आरोपी स्लीमनाबाद की तरफ भागे, जहां चोरी का ट्रैक्टर छुपाकर रखा था।

आरोपियों की पुलिस से हुई मुठभेड़
पुलिस टीम आरोपियों का पीछा करते हुए स्लीमनाबाद के उस गांव में पहुंची, जहां चोरी का ट्रैक्टर छिपाया गया था। यहां आरोपी ट्रैक्टर से पुलिस को कुचलने की कोशिश करने लगे तो पुलिस स्टाफ ने भी जबाबी कार्रवाई की। इसी दौरान एक आरोपी ने टीआई और एक आरक्षक पर दनादन रॉड से हमला कर दिया और ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गए।

वारदात के बाद आरोपी फरार
वारदात के बाद अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया, लेकिन हमलावरों का पता नहीं चल सका। इस घटना से ग्रामीण क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूत्रों के मुताबिक हमलावर ग्रामीणों को धमकाते हुए फरार हुए है, उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस को उनकी पहचान बताई गई तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा।

घायल टीआई निजी अस्पताल में भर्ती
वारदात में घायल थाना प्रभारी विनोद पाठक को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें सिर पर गंभीर चोटें पहुँची है। मामले की खबर लगने के बाद एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा, सीएसपी प्रियंका शुक्ला घायल का हालचाल जानने पहुंचे। एसपी का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ पुलिस पार्टी पर हमला करने का विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उनकी तलाश में टीम लगाईं है।

अपराधियों के बुलंद हौसले
इस घटना से अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले किस तरह बुलंद है। चोर-उचक्के भी पुलिस पर हमला करने से गुरेज नहीं कर रहे। वही बताया गया कि कटनी पुलिस को भी चोरों की लोकेशन पर पहुंचने कहा गया था, लेकिन स्लीमनाबाद थाने के स्टॉफ नहीं पहुंचा। जिसका हमलावरों ने भरपूर फायदा उठाया।












Click it and Unblock the Notifications