Jabalpur News : जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज छात्र गुटों में उपद्रव, हॉस्टल में तोड़फोड़ चले लाठी डंडे
Jabalpur News : मप्र के जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज छात्र गुट आपस में भिड़ गए। दो गुटों के बीच जमकर विवाद हुआ। छात्र एक दूसरे को दौड़ा-दौड़ाकर पीटते नजर आए। उपद्रवी छात्रों ने हॉस्टल से लेकर सड़क तक जमकर तांडव मचाया। कई जगहों पर तोड़फोड़ की। कॉलेज प्रशासन ने आरोपी कई छात्रों को नोटिस जारी किए है। साथ ही विवाद के दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने आधा दर्जन से ज्यादा छात्रों को हिरासत में लिया है।

मप्र के जबलपुर समेत कई जिलों से अपना सुनहरा भविष्य बनाने का सपना संजोकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे छात्रों के लिए कॉलेज अखाड़ा बन गया है। जबलपुर के कॉलेज में छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर विवाद हुआ। हॉस्टल फिर कॉलेज से शुरू हुआ हंगामा इतना बढ़ गया कि दो गुटों के बीच मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों के छात्र एक दूसरे को लात-घूंसों से पीटते नजर आए। जब इससे भी मन नहीं भरा तो कुछ छात्र डंडे लेकर पहुंच गए और हमला करने लगे। सड़क तक दौड़ा-दौड़ाकर दोनों पक्ष एक दूसरे को पीट रहे थे। तभी वहां मौजूद कुछ लोगों ने वीडियो भी बना लिया। अब इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कॉलेज में चल रहे एक सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर जूनियर और सीनियर छात्रों के बीच विवाद हुआ। कॉलेज में मौजूद स्टाफ जब तक कुछ समझ पाता, छात्र उग्र हो गए। छात्रों के गुटों को बेकाबू होता देख मामले की खबर पुलिस को की गई। मौके पर पहुंची पुलिस जवानों से भी कुछ छात्र भिड़ गए। बाद में किसी तरह उन्हें पकड़ा गया। पुलिस ने उपद्रवी आधा दर्जन छात्रों को हिरासत में लिया है। छात्रों ने एक कार को भी निशाना बनाया, साथ ही कॉलेज-हॉस्टल की खिड़कियों को भी तोड़ दिया। कॉलेज प्रबंधन ने मारपीट करने वाले छात्रों की पहचान कर ली है। सभी को नोटिस दिए जा रहे है।












Click it and Unblock the Notifications