Jabalpur News: ‘ट्रेनिंग विद टार्गेट’ बीजेपी अध्यक्ष जबलपुर में निकाय जनप्रतिनिधियों को बोले- बढ़ाओं वोट शेयर
एमपी में बीजेपी चुनावी तैयारियों में जुट चुकी है। जिला स्तर पर जनप्रतिनिधियों को ट्रेनिंग दी जा रही हैं। इस बहाने वोट शेयर बढ़ाने का टार्गेट भी दिया जा रहा हैं।

Jabalpur BJP State President VD Sharma: चुनावी साल है और अब 10-11 महीने का ही वक्त बचा है। लिहाजा एमपी में बीजेपी का पूरा इलेक्शन की तैयारियों पर ही हैं। लोकसभा चुनाव पर फोकस करते हुए विधानसभा चुनाव में भी नैया पार लगाने की कवायद की जा रही है। जबलपुर में नगरीय निकाय जनप्रतिनिधियों का प्रशिक्षण रखा गया था, जिसमें बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ट्रेनिंग देने पहुंचे। शर्मा ने पार्टी के आगामी लक्ष्य पर फोकस किया और ट्रेनिंग के बहाने टार्गेट भी बता दिया। बूथ स्तर पर 51 फीसदी वोट शेयर हासिल करने कहा गया है।

जबलपुर में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष की ट्रेनिंग
साल के आखिरी में मप्र में विधानसभा चुनाव है। जिसकी तैयारियों में बीजेपी जुट गई है। राजधानी भोपाल में पंचायत निकाय जनप्रतिनिधियों को सीएम की ट्रेनिंग के बाद अब जिला स्तरीय ट्रेनिग प्रोग्राम चल रहा है। जिसके तहत बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा जबलपुर पहुंचे। जिले के निकाय जनप्रतिनिधियों से रु-बरु हुए और सभी की आने वाले चुनाव की तैयारियों में जुट जाने कहा गया। शर्मा बोले कि आपको जनता ने आशीर्वाद देकर जनप्रतिनिधि के रूप में चुनकर भेजा है, आपके ऊपर ही जनता के बीच पार्टी की छवि बनाने में आपकी जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि की पहली जिम्मेदारी है कि वह जनता के प्रति उनके अनुरूप कार्य और व्यवहार करे। भारतीय जनता पार्टी आज विश्व का सबसे बड़ा दल बना है, तो वह हमारी नीतियों और विचारधारा के कारण। आप चुने हुए जनप्रतिनिधि है। सैद्धांतिक तौर पर जनता और संगठन के प्रति हमारी क्या जिम्मेदारी है ? यह प्रशिक्षण वर्ग में सीखने को मिलेगा।

2014 से 2019 में 6 करोड़ वोट बढ़े, अब अगला लक्ष्य
प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा 2014 के लोकसभा चुनाव में हमें 17 करोड़ वोट मिले थे। वहीं 2019 के लोकसभा चुनाव में हमें 23 करोड़ वोट मिले। 5 वर्षों में हमारे 6 करोड़ वोट बढे। इसका मुख्य कारण हमारी सरकार की गरीब कल्याण की योजनाएं, जिन्होंने गरीबों का जीवन बदलने का काम किया है। केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाएं नीचे तक पहुंचे, इसकी सबसे अधिक जिम्मेदारी अगर किसी की है तो वह हमारे नगरीय निकाय के जनप्रतिनिधि है।

हर बूथ पर हो 51 फीसदी वोट शेयर
ट्रेनिंग के दौरान बताया गया कि कोई भी चुनाव आते है तो भाजपा की ओर से व्यक्ति चुनाव नही लड़ता बल्कि पार्टी की विचारधारा और संगठन तंत्र चुनाव लड़ता है और इसी विचार और संगठन के आधार पर हम चुनाव जीते है और आने वाले विधानसभा और लोकसभा के चुनाव को हम आप सबकी मेहनत से जीतेंगे। शर्मा ने पार्टी के अपेक्षाएं भी गिनाई। बोले कि हर बूथ पर 10 नए कार्यकर्ताओं जोड़कर 51 प्रतिशत वोट शेयर के लक्ष्य को प्राप्त करना है। सरकार की योजनाएं क्रियान्वयन के साथ ही अपना बूथ मजबूत करके चलना है। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने 2014 में जब प्रधानमंत्री पद की शपथ ली तब अपने उदबोधन में उन्होंने अपने आपको प्रधान सेवक कहा और उनके भाव को हमे समझना होगा कि यदि हम साँसद, विधायक, पार्षद, पंच, सरपंच के रूप में चुने गए है तो हमे भी जनता के सेवक की भूमिका में रहना होगा और यहां बड़ी संख्या में नगरीय निकाय के पार्षद उपस्थित है और आपकी जिम्मेदारी अपने क्षेत्र में विकास कार्यो की तो है ही, इसके साथ अपनी विचारधारा का पोषण करने और संगठन तंत्र को मजबूत करने का कार्य भी आपको करना है।

भाजपा विचार, कार्यपद्धति और हमारा समन्यवय
प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए लोकसभा के मुख्य सचेतक सांसद राकेश सिंह ने कहा कि जब भाजपा जैसे राजनैतिक दल में कार्य करते है, तो हमारी तुलना किसी अन्य दल से नही होती। समाज हमें आशा की निगाह से देखता है। चाहे सांसद हो, विधायक हो, पार्षद हो या पंच सरपंच हो, सभी से जनमानस की अपेक्षा दूसरे दलों के लोगो से अधिक होती है। किसी अन्य दल के लोग बड़ी से बड़ी गलती भी कर दे लोग ध्यान नही देते, लेकिन हमसे हुई छोटी से छोटी गलती को भी जनता ध्यान देती है क्योंकि उनकी हमसे अपेक्षाएं है। इसलिए जनता के बीच भाजपा विचार, कार्यपद्धति और हमारा समन्यवय जरुरी हैं। जब हम संगठन या सत्ता के किसी दायित्व में आते है, रोज की भागदौड़ के चलते हम अपने में लग जाते है। यह भूल जाते है कि हमारा लक्ष्य क्या था? इस बात को हर कार्यकर्ता को ध्यान देना होगा। इसी वजह से पार्टी द्वारा इस तरह के प्रशिक्षण वर्गों का आयोजन किया जाता है।
Recommended Video


ग्रामीण जिला कोर ग्रुप की भी हुई बैठक
इस प्रशिक्षण वर्ग में बढ़ता मप्र - बढ़ता भारत, भाजपा सरकारों की जन कल्याणकारी योजनाएं, लोकव्यवहार और सोशल मीडिया व मीडिया की भूमिका पर बीजेपी नेताओं ने अपने विचार रखें। प्रशिक्षण वर्ग के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने जबलपुर ग्रामीण जिला कोर ग्रूप की बैठक में पदाधिकारियों से संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की। जिसमें विधायक और संगठन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications