Jabalpur News: 21 फीट ऊंची सरदार पटेल की मूर्ति का हुआ अनावरण, एकता अखंडता की शपथ के लिए बढ़ाए हाथ
(Jabalpur News) एकता, अखंडता और सुरक्षा की शपथ लेने जबलपुर में कदम बढ़े और विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारियों ने अलग-अलग तरीके से शपथ ली। रन फॉर यूनिटी में शामिल होकर युवाओं ने भी यही संदेश दिया। लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती पर नुनसर में 21 फीट ऊंची आदमकद मूर्ति का अनावरण भी हुआ।

कलेक्ट्रेट में शपथ लेने आगे बढ़े हाथ
सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर जबलपुर मुख्यालय में भी कई कार्यक्रम हुए। यूनिटी डे के रूप मनाए जाने वाले इस दिन कलेक्टर कार्यालय के सभी अधिकारी कर्मचारी देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा की शपथ लेते दिखे। अधिकारियों-कर्मचारियों को शपथ कलेक्टर डॉ इलैयाराजा टी ने दिलाई। जिसमें जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी शामिल हुए। इस दौरान सरदार पटेल के विचारों को भी याद किया गया और उन्हें जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।

नुनसर में स्थापित हुई 21 फीट की प्रतिमा
सरदार पटेल को याद करते हुए कुर्मी समाज ने जबलपुर के नुनसर में 21 फीट ऊँची आदमकद प्रतिमा स्थापित की है। जिसका समाज के लोगों ने अनावरण किया गया। इस मौके पर समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान भी किया गया। आयोजन में पहुंचे लोगों ने एकता का सन्देश देते हुए समाज को कुरीतिमुक्त बनाने का संकल्प भी लिया।

रन फॉर यूनिटी में दौड़े युवा
सरदार पटेल की जयंती पर जबलपुर में एकता दौड़ का भी आयोजन हुआ। एकता दौड़ को एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने एसपी दफ्तर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रन फार यूनिटी में बड़ी संख्या में युवा और बच्चे शामिल हुए। जिन्होंने शहर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा का नागरिकों को संदेश दिया। रन फॉर यूनिटी के समापन पर सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई।

एकता दिवस पर पुलिस का मार्च पास्ट
लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के जन्म दिवस पर पुलिस कर्मियों द्वारा एकता मार्च पास्ट का भी आयोजन किया गया। एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने मार्च पास्ट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके पहले उन्होंने यहाँ पुलिस के जवानों एवं अधिकारियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता की शपथ दिलाई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मालगोदाम चौक और हाईकोर्ट चौराहा होते मार्च पास्ट में करीब 150 पुलिस अधिकारी और जवान शामिल हुए।












Click it and Unblock the Notifications