जबलपुर में मेस का खाना खाकर बीमार पड़े दर्जनों स्कूली छात्र, अस्पताल में भर्ती
मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के रामपुर में स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों की तबीयत बिगड़ गई है। यहां अचानक से तकरीबन 100 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। दरअसल सोमवार की रात तकरीबन 8 बजे जब इन बच्चों ने मेस का खाना खाया तो उसके 10 मिनट बाद उन्हें उल्टी होने लगी।
जानकारी के अनुसार तकरीबन 100 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। वो उल्टी करके जमीन पर गिरने लगे। इस घटना के बाद छात्रावस में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी शीर्ष पुलिस अधिकारियों और प्रशासन को दी गई। मौके पर एंबुलेंस पहुंची और बच्चों को अस्पताल ले जाया गया।

खाद्य विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं और वह बच्चों से पूछताछ कर रहे हैं साथ ही मेस के खाने की जांच कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार सातवीं और आठवी के बच्चों को रात तकरीबन 8 बजे खाना दिया गया था। उन्हें खाने में कटहल की सब्जी दी गई थी, जिसे खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह फूड प्वायजनिंग के चलते उल्टी करने लगे।
वहीं गोरखपुर की एसडीएम पंकज मिश्रा, तहसीलदार रश्मी चौधरी सहित कई प्रशासनिक विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। जानकारी के अनुसार तकरीबन 30 मिनट के भीतर 10 एंबुलेंस को छात्रावास पर पहुंचाया गया। जिसमे बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया। बच्चों की हालत को देखते हुए उन्हें सरकारी, प्राइवेट दोनों अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसडीएम गोरखपुर पंकज मिश्रा ने बताया कि विद्यालय में बीमार छात्र-छात्राओं को विद्यालय के स्टाफ और स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। छात्रों ने संयुक्त मेस में भोजन किया था। खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अधिकारियों ने खाने के सैंपल को जांच के लिए भेजा है।
फिलहाल बच्चों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर है। कोई भी गंभीर रूप से बीमार नहीं है। अस्पताल में बच्चों की देखरेख के लिए प्रशासन, पुलिस और चिकित्सा अधिकारी मौजूद हैं। विद्यालय में 450 छात्र अध्ययनरत हैं।












Click it and Unblock the Notifications