Jabalpur News: बरगी बांध की सुरक्षा को चुनौती, ऊपर चली डीजे डिस्को पार्टी, जबलपुर प्रशासन बेखबर
मध्य प्रदेश के जबलपुर में स्थित बरगी डैम की सुरक्षा से खिलवाड़ सामने आया है। बांध के अपर पथ-वे पर पंडाल सजाकर शादी की पार्टी होती रही और अफसर सोते रहे। डीजे डिस्को पर भी डांस हुआ।

Challenge to the security of Bargi dam: बांध वाली जगह संवेदनशील मानी जाती है। लेकिन लगता है कि मध्य प्रदेश के बरगी बांध को कुछ लोगों ने खिलौना समझ लिया हैं। इसके अपर पथ-वे को डीजे डिस्को करने और पार्टी मनाने की जगह मान ली। यहां हुई मैरिज पार्टी की सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों ने बांध की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। जिस जगह पर आम व्यक्ति का आना-जाना प्रतिबंधित है, वहां न सिर्फ पार्टी की गई, बल्कि घंटो डीजे की धुनों पर लोगों ने डिस्को किया। बांध प्रबंधन अब मामले पर पर्दा डालने जुट गया है।

बरगी बांध की सुरक्षा को चैलेंज
देश की शीर्ष नदियों में शुमार मध्य प्रदेश की सबसे बड़ी नदी नर्मदा पर बने बरगी बांध की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ सामने आया है। सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें जमकर वायरल हो रही हैं। जिसके आधार पर दावा किया जा रहा है कि जबलपुर के बरगी बांध के प्रतिबंधित क्षेत्र में डीजे डिस्को की पार्टी हुई। तस्वीरें करीब एक सप्ताह पहले की बताई जा रही हैं। 422.76 मीटर जल स्तर क्षमता और 70 मीटर ऊंचाई के इस बांध के अपर पथ-वे पर पंडाल सजाने का पूरा इंतजाम किया गया।

नीचे अफसर मुस्तैद, ऊपर डीजे पर होता रहा डांस
आयोजकों की शान बरक़रार रहे, इसके लिए डीजे डिस्को भी था। पथ-वे के नीचे ही बांध प्रबंधन के कई अफसर ड्यूटी पर तैनात रहते हैं। साथ ही हर वक्त सिक्यूरिटी के मुस्तैद होने के दावे भी किए भी जाते हैं। उसके बावजूद बेधड़क टेंट तान दिया गया। सामने से सब नजर आने के बाद भी किसी ने आयोजन रोकने की जहमत नहीं उठाई। अघोषित तौर पर बांध की सुरक्षा से खिलवाड़ होने दिया। बताया गया कि यहां पंडाल सजाने का काम किसी नितिन जैन नाम के टेंट डेकोरेटर्स संचालक को मिला था।

अफसरों की मिलीभगत से हुआ प्रोग्राम!
अथाय पानी को रोके इस विशालकाय बांध के ऊपर इस नज़ारे को जिन लोगों ने देखा, वह भी हैरान रह गए। आरोप लगाया गया है कि यह सब बांध प्रबंधन के अफसरों की मिली भगत से ही हुआ। किसी शर्मा परिवार के घर में उनकी बेटी की शादी समारोह था। आयोजकों ने अपने मेहमानों को पार्टी देने यही बुलाया। छोटे बच्चे भी अपने परिवार के साथ आए थे। बड़ी संख्या में आए लोगों ने खाने-पीने के साथ डिस्को भी किया। अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस दौरान जरा सी चूक कितनी भारी पड़ सकती थी।

सब इंजीनियर के खिलाफ चिट्ठी लिखकर फुर्सत
इधर रानी अवन्ती बाई परियोजना बरगी बांध के एग्जिक्यूटिव इंजीनियर अजय सूरे खुद कहते है कि बांध क्षेत्र में इस तरह के आयोजन की कोई भी अनुमति नहीं दे सकता। जब पंडाल लग रहा था, तब अफसरों ने ध्यान क्यों नहीं दिया, इस बात का सूरे के पास भी जबाब नहीं। फिलहाल प्रबंधन सब इंजीनियर राम लाल अहिरवार के खिलाफ शासन को सिर्फ चिठ्ठी ही लिख पाया है। अनुशासनहीनता बताते हुए पत्र में इस आयोजन का ठीकरा अदने इंजीनियर के सिर फोड़ने की कोशिश हो रही है। ताकि जिम्मेदार बड़े अधिकारी बच सकें।

कलेक्टर बोले मामले की जांच कराई जाएगी
इस मामले के तूल पकड़ते ही प्रशासनिक अफसरों में भी हड़कंप मचा हुआ हैं। कलेक्टर सौरव कुमार सुमन का कहना है कि यह विषय उनके संज्ञान में अभी आया है। संबंधित विभाग के अधिकारियों से जानकारी हासिल की जा रही हैं। जो भी दोषी होगा विधि अनुसार कार्रवाई होगी।












Click it and Unblock the Notifications