Zoonotic Langya: चीन में मिला नया वायरस, 35 केस मिले, इस जानवर से फैली ये घातक बीमारी
बीजिंग, 09 अगस्तः चीन में कोरोना का कहर थमा भी नहीं था कि इस बीच वहां एक और नए वायरस का पता चला है। ताइवान की सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल(CDC) के मुताबिक इस नए वायरस का नाम जूनोटिक लैंग्या रखा गया है। इससे अब तक 35 लोगों के संक्रमित होने की बात कही जा रही है। इन 35 रोगियों का एक दूसरे से किसी भी प्रकार से संबंध नहीं मिला है।

हेनान और शेडोंग प्रांत में पाया गया वायरस
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस वायरस की पहचान और प्रसार की निगरानी के लिए न्यूक्लिक एसिड परीक्षण विधि का उपयोग किया जाएगा। ताइपे टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, लैंग्या वायरस चीन के शेडोंग और हेनान प्रांत में पाया गया है। शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक यह वायरस जानवरों से इंसानों में फैल सकता है।

जानवरों में भी हुई वायरस की पुष्टि
ताइवान के सीडीसी के उप महानिदेशक चुआंग जेन-हिसियांग ने बताया, अभी तक इस वायरस के इंसानों से इंसानों में संचरण के संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि, अभी यह जांच की जा रही है कि इस वायरस के मनुष्यों के बीच प्रसार की कितनी संभावना है। उन्होंने बताया सीरोलॉजिकल सर्वे की रिपोर्ट के मुताबिक, करीब दो प्रतिशत बकरियां और पांच प्रतिशत कुत्तों में लैंग्या वायरस की पुष्टि हुई है।

छछूंदर से वायरस फैलने का शक
चुआंग जेन-हिसियांग के मुताबिक 25 जंगली जानवरों की प्रजातियों पर हुए परीक्षण के नतीजे बताते हैं कि छछूंदर इस वायरस को फैलाने का प्रमुख वायरस हो सकता है। न्यू इंग्लैंड जर्नल ऑफ मेडिसिन में गुरुवार को छपी "ए जूनोटिक हेनिपावायरस इन फेब्राइल पेशेंट्स इन चाइना" रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन में नए हेनिपावायरस की पहचान की गई है, जो इंसानों में बुखार संबंधी बीमारी की वजह है।

दिख रहे ऐसे लक्षण
लैंग्या वायरस के मरीजों में बुखार, थकान, खांसी, भूख न लगना, मांसपेशियों में दर्द, सिरदर्द और उल्टी जैसे लक्षण मिले हैं। मरीजों में श्वेत रक्त कोशिकाओं में भी कमी देखी गई है। इतना ही नहीं मरीजों में कम प्लेटलेट, लीवर फेलियर और किडनी फेलियर जैसे लक्षण भी मिले हैं।












Click it and Unblock the Notifications