पाकिस्तान की अंतरिम सरकार में मंत्री बनी आतंकी यासीन मलिक की पत्नी, तिहाड़ में सजा काट रहा पति
भारत में कश्मीर के अलगाववादी नेता और टेरर फंडिंग मामले में जेल में बंद यासीन मलिक की पत्नी मुशाल हुसैन मलिक को पाकिस्तान सरकार में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। मुशाल को पाकिस्तान में कार्यवाहक प्रधानमंत्री अनवर उल-हक काकर की कैबिनेट में जगह मिली है।
मुशाल हुसैन मलिक, कनिष्ठ मंत्री के समकक्ष पद के साथ प्रधानमंत्री के चार विशेष सलाहकारों में से एक हैं। वह काकर के कैबिनेट में मानवाधिकारों और महिला सशक्तिकरण पर पीएम को सलाह देंगी।

Image: Facebook
मुशाल ने गुरुवार को अपने पद की शपथ ली। यासीन मलिक की पत्नी मुशाल का जन्म पाकिस्तान में हुआ। मुशाल के पिता हुसैन मलिक एक अंतरराष्ट्रीय अर्थशास्त्री थे। हुसैन बॉन विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग के प्रमुख थे और नोबेल पुरस्कार जूरी के पहले पाकिस्तानी सदस्य थे।
मुशाल की मां पाकिस्तान मुस्लिम लीग की महिला इकाई की पूर्व महासचिव रह चुकी हैं। मुशाल के भाई हैदर अली विदेश नीति के विद्वान हैं और अमेरिका में प्रोफेसर हैं। मुशाल ने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से स्नातक की डिग्री हासिल की है। वह, यासीन मलिक से 20 साल छोटी हैं।
मुशाल ने कई वर्षों तक कश्मीर और भारत विरोधी अभियान चलाया है। मुशाल ने 22 फरवरी 2009 को रावलपिंडी में अलगाववादी नेता यासीन मलिक से शादी की थी। दोनों की मुलाकात तब हुई जब यासीन 2005 में पाकिस्तान के दौरे पर था।
मुशाल के पति यासीन मलिक पर भारत के विरुद्ध युद्ध छेड़ने, आपराधिक साजिश रचने और गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होने जैसे संगीन आरोप थे। उन्होंने अदालत में अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को स्वीकार कर लिया था।
यासीन मलिक आखिरी बार एनआईए द्वारा उसके लिए मौत की सजा की मांग के संबंध में 9 अगस्त को एक वीडियो लिंक के माध्यम से दिल्ली उच्च न्यायालय में पेश हुआ था। हालांकि मुशाल मलिक का कहना है कि यासीन मलिक ने कोई भी जुर्म कबूल नहीं किया है।
मुशाल अपने पति के लिए पाकिस्तान के नेताओं और अंतरराष्ट्रीय संगठनों से लगातार अपील कर रही है कि उनके पति को बचाया जाए क्योंकि वे निर्दोष हैं। मुशाल इस्लामाबाद में अपनी 12 वर्षीय बेटी रजिया सुल्ताना के साथ रहती हैं।












Click it and Unblock the Notifications