1 घंटे कम काम करना चाहती थी महिला कर्मचारी, बॉस ने किया मना तो कंपनी को भरने पड़े 2 करोड़ रुपये
लंदन, 09 सितंबर। किसी भी कंपनी में स्टैंडर्ड जॉब टाइमिंग 8 घंटे की होती है, हालांकि संस्था की पॉलिसी के हिसाब से यह समय कम-ज्यादा भी हो सकता है। वर्किंग आवर्स कुछ भी हों लेकिन सरकार द्वारा जारी नियमों के मुताबिक कई परिस्थितियों में कंपनी को जरूरत पड़ने पर अपने कर्मचारिओं को छुट्टी देना ही पड़ता है, ऐसा ना करने पर उन्हें भारी जुर्माना भी भरना पड़ सकता है। कुछ ऐसा ही ब्रिटेन की एक कंपनी के साथ हुआ जिसे अब अपने कर्मचारी को करीब 2 करोड़ रुपये देने होंगे।

कंपनी ने नहीं मानी बात अब भुगतना पड़ा
दरअसल, ब्रिटेन की रहने वालीं ऐलिस थॉम्पसन लंदन स्थित एक कंपमी में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। जॉब के दौरान ऐलिस प्रेग्नेंट हो गई और उन्होंने एक खूबसूरत बच्ची को जन्म दिया। कुछ दिनों बाद जब वह वापस काम पर लौटीं तो उन्हें बच्चे और ऑफिस के बीच संतुलन बनाने में मुश्किल होने लगी। इसके बाद ऐलिस कंपनी से वर्किंग आवर्स में कुछ रियायतें मांगी लेकिन उनके सीनियर्स ने इनकार कर दिया। इसके बाद ऐलिस ने जो किया वह कंपनी के लिए काफी महंगा पड़ा।

ऑफिस से जल्दी छुट्टी चाहती थीं ऐलिस
ऐलिस थॉम्पसन ने साल 2018 में अपनी बेटी को जन्म दिया। प्रेग्नेंसी से पहल वह सेल्स मैनेजर के तौर पर अपना काम बखूबी कर रही थीं, लेकिन जब बच्ची के जन्म के बाद वह ऑफिस पहुंची तो काफी कुछ बदल चुका था। हफ्ते के 6 दिन 8 घंटे ऑफिस में काम करने के बाद ऐलिस को अपनी बच्ची का ध्यान रखने में मुश्किल हो रही थी। काम और घर के बीच संतुलन बनाने के लिए उन्होंने अपने बॉस पॉल सेलर से कुछ रियायतें मांगीं। ऐलिस सप्ताह में चार दिन काम करना चाहती थीं।

बॉस ने बनाया ये बहाना
इसके अलावा उन्होंने अपने बॉस से आग्रह किया कि उनके काम के समय के एक घंटा कम कर दिया जाए। ऐलिस अपनी बच्ची को नर्सरी (केयर टेकर के पास) छोड़कर जॉब पर आती थीं। नर्सरी शाम 5 बजे बंद हो जाती है इसलिए ऐलिस चाहती थीं कि ऑफिस से भी उन्हें पांच बजे छुट्टी दे दी जाए। ऑफिस से ऐलिस की छुट्टी 6 बजे होती थी। हालांकि उनके बॉस ने इस आग्रह को ठुकरा दिया और उन्हें ऑफिस टाइम पर घर जाने को कहा। बॉस पॉल सेलर ने कहा कि ऐलिस के लिए कंपनी जोखिम नहीं उठा सकती। (फोटो साभार: ALICE THOMPSON)

ऐलिस थॉम्पसन ने छोड़ दी नौकरी
बॉस की ये बात सुन ऐलिस थॉम्पसन ने काफी गुस्सा आया और उन्होंने नौकरी से इस्तीफा दे दिया। हालांकि वह चुप बैठने वालों में से नहीं थीं, उन्होंने लंदन स्थित एम्प्लॉयमेंट ट्रिब्यूनल में कंपनी के खिलाफ शिकायत कर दी। ऐलिस ने कहा कि उन्होंने इसलिए कंपनी के खिलाफ एक्शन लिया ताकि बड़ी होने के बाद मेरी बेटी को भी ऐसे अनुभव से गुजरना ना पड़े। इससे उद्योग जगत को सीख मिलेगी। ट्रिब्यूनल ने भी ऐलिस की दलीलों को सही माना और कंपनी के खिलाफ 1 करोड़ 87 लाख रुपये से अधिक रुपये देने का फैसला सुनाया।

जज ने फैसले में कही ये बातें
एम्प्लॉयमेंट ट्रिब्यूनल की जज ने कंपनी को ऐलिस थॉम्पसन के आय के नुकसान, पेंशन का नुकसान, भावनाओं को चोट पहुंचाने और जेंडर भेदभाव का दोषी पाया। जज ने अपने आदेश में कहा कि कंपनी में लचीले कामकाज पर विचार करने में विफलता दिखाई जिससे ऐलिस को बड़ा नुकसान पहुंचा है। ट्रिब्यूनल के इस फैसले से कंपनी को अब अपनी गलती का एहसास हो रहा होगा, वहीं इस घटना के बाद से सोशल मीडिया पर कई लोग अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें: धमतरीः नौकरी करने के लिए कहती थी मां तो गुस्से में आकर बेटे ने पीट-पीटकर मार डाला












Click it and Unblock the Notifications