25 साल बाद साथ चलते हुए फिर से दिखे प्रिंस हैरी और विलियम, क्या फिर साथ होंगे दोनों भाई?
प्रिंस विलियम और प्रिंस हैरी को एक बार फिर से साथ-साथ दिखाई दिए। बीते शनिवार अपनी दादी को पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद बुधवार को दोनों भाई रानी एलिजाबेथ ताबूत के पीछे कंधे से कंधा मिलाकर चलते दिखाई दिए।
लंदन, 14 सितंबरः प्रिंस विलियम और प्रिंस हैरी को एक बार फिर से साथ-साथ दिखाई दिए। बीते शनिवार अपनी दादी को पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद बुधवार को दोनों भाई रानी एलिजाबेथ ताबूत के पीछे कंधे से कंधा मिलाकर चलते दिखाई दिए। ऐसा दृश्य 25 साल पहले 1997 में दिखा था जब 15 और 12 साल की उम्र के विलियम और हैरी ने अपनी मां डायना के ताबूत को कंधा दिया था।

शनिवार को भी साथ दिखे थे दोनों भाई
दोनों भाई, जिनके संबंध हाल के वर्षों में तनावपूर्ण हो गए हैं, बकिंघम पैलेस से वेस्टमिंस्टर हॉल तक एक जुलूस में भाग ले रहे थे। उनके सामने दिवंगत रानी के अन्य बच्चों के साथ उनके पिता किंग चार्ल्स थे। चार्ल्स की पत्नी कैमिला, विलियम की पत्नी केट, और हैरी की पत्नी मेघन ने कार से हॉल तक की यात्रा की। इससे पहले प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन व प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी केट के साथ विंडसर कैसल में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को पुष्पांजलि अर्पित करने पहुंचे थे। दोनों दंपति इस दौरान काले कपड़े पहने हुए दिखाई दिए।

2020 में शाही परिवार से अलग हुए थे हैरी
एक समय 'द फैब फोर' के रूप में मशहूर ये चौकड़ी अधिक समय तक साथ नहीं रह सके। प्रिंस हैरी और विलियम दोनों के रास्ते अलग हो गए। 2020 के शुरुआती दिनों में हैरी ने सार्वजनिक तौर पर कहा था कि उनके भाई प्रिंस विलियम और उनका रास्ता अलग-अलग है। इस के साथ ही उन्होंने यह भी घोषणा की थी कि वह शाही परिवार को छोड़ रहे हैं।

मेगन ने लगाया नस्लभेद का आरोप
प्रिंस हैरी, मेगन के साथ रहने अमेरिका चले गए जहां उन्होंने कई बार शाही परिवार की निंदा की। इतना ही नहीं उन्होंने शाही परिवार पर नस्लभेद करने का आरोप भी लगाया था। मेगन ने कहा कि जब वह गर्भवती थीं तो शाही परिवार में इसकी चर्चा होती रहती थी कि आने वाला बच्चा किस रंग का होगा? बता दें कि मेघन की मां अश्वेत जबकि पिता श्वेत हैं। इस युगल के गंभीर आरोपों के बाद शाही परिवार को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। इसके बाद प्रतिक्रिया में प्रिंस विलियम ने कहा, 'हम बहुत कुछ हैं लेकिन नस्लभेदी नहीं हैं।'

किंग चार्ल्स ने बहू-बेटे की प्रशंसा की
हैरी के बारे में किंग चार्ल्स ने कहा था कि वह शाही परिवार के सदस्य हैं और रहेंगे। बता दें कि हैरी इन दिनों अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक सामाजिक हित के वकील के रूप में खुद को स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं। चार्ल्स की राजा बनने के बाद की पहली स्पीच में उन्होने शुक्रवार को अपने छोटे बेटे और बहू के लिए भी स्नेह दिया। चार्ल्स और प्रिंसेस डायना के बेटे हैरी और विलियम पिछले साल भी डायना के स्टेच्यू के अनावरण के मौके पर मिले थे। लेकिन इस दौरान साफ नजर आ रहा था कि इनका रिश्ता कुछ ठीक नहीं चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications