अल्जीरिया में क्यों हो रहा है राष्ट्रपति के ख़िलाफ़ प्रदर्शन?
अल्जीरिया की राजधानी अल्जीयर्स समेत देश के कई शहरों में राष्ट्रपति अब्देलअज़ीज़ बोटलिक का विरोध हो रहा है. हज़ारों की संख्या में अल्जीरियाई नागरिक सड़कों पर मार्च करते हुए राष्ट्रपति भवन का रुख कर रहे हैं.
वैसे तो यह विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है लेकिन शुक्रवार को यह विरोध प्रदर्शन अपने सबसे बड़े रूप में उभर कर आया.
हज़ारों अल्जीरियाई नागरिक राष्ट्रपति भवन की ओर नारे लगाते हुए बढ़ने लगे. इन्हें रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस का प्रयोग भी किया.
इसके अलावा जगह-जगह पुलिस ने नाकेबंदी की है, राजधानी के आसमान में पुलिस के हेलिकॉप्टर लगातार चक्कर लगा रहे हैं. सभी तरह के सार्वजनिक यातायात के साधनों को रोक दिया गया है.
विरोध प्रदर्शन आयोजित करने वाले कुछ आयोजनकर्ताओं ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन में दो करोड़ लोगों से शामिल होने की अपील की थी.
दरअसल, इतने बड़े विरोध प्रदर्शन की वजह अल्जीरिया के 82 वर्षीय राष्ट्रपति अब्देलअज़ीज़ बोटलिक हैं उन्होंने कहा था कि वे पांचवीं बार देश की सत्ता संभालने के बारे में सोच रहे हैं.
अब्देलअज़ीज़ फिलहाल स्विटज़रलैंड के एक अस्पताल में भर्ती हैं. इस विरोध प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि यह उनके विपक्षियों की चाल है.
वहीं विरोध प्रदर्शन में शामिल एक महिला का कहना है कि राष्ट्रपति पहले भी इस तरह की बातें करते रहे हैं.
आस्मा नामक इस महिला ने कहा, ''वे वही पुरानी बात दोहरा रहे हैं, लोगों को डराने के लिए सरकार हमेशा यही बात दोहराती रहती है. सवाल तो यह है कि जब राष्ट्रपति बीमार हैं तो हम तक उनकी ये बातें कौन पहुंचा रहा है और उनके खत कौन लिख रहा है?''
स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक सुरक्षाबलों ने लगभग 200 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है.
प्रदर्शनकारी क्या चाहते हैं?
राष्ट्रपति अब्देलअज़ीज़ बोटलिक पांचवीं बार सरकार चलाना चाहते हैं उनके इस ऐलान के साथ ही देश में विरोध प्रदर्शन शुरू हो चुका है. हालांकि बोटलिक ने बाद में एक और बयान जारी करते हुए कहा कि अगर उन्हें दोबारा चुना गया तो वे जल्द ही पद छोड़ भी देंगे.
लेकिन अल्जीरियाई युवा आर्थिक अवसरों की कमी से निराश हैं और वे देश के कुलीन वर्ग के बीच फैले भ्रष्टाचार से भी परेशान हैं. इस वर्ग ने ही फ्रांस से मिली आज़ादी के बाद से अल्जीरिया पर शासन किया है.
- ये भी पढ़ें-दुनियाभर के संघर्षों की तस्वीरें लेने वाला फ़ोटोग्राफ़र
- भ्रष्टाचार के आरोपों पर बोले नेतन्याहू, 'विरोधियों का दुष्प्रचार'
प्रदर्शनकारियों में शामिल करीमा नामक एक महिला ने कहा है कि वह अपने बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए इस प्रदर्शन में शामिल हुई है.
उन्होंने कहा,''मैं इस शासन से परेशान हो गई हूं. हम अपने बच्चों का एक बेहतर भविष्य चाहते हैं. हमने तो अच्छी जिंदगी नहीं जी लेकिन हम चाहते हैं कि हमारे बच्चे अच्छा जीवन जिएं.''
पिछले 20 साल से अल्जीरिया की सत्ता पर काबिज अब्देलअज़िज़ बोतफ़्लिका के प्रति लोगों का विरोध अब चरम पर पहुंच चुका है.
कहां हैं राष्ट्रपति?
माना जा रहा है कि राष्ट्रपति अब्देलअज़ीज़ बोटलिक को 24 फरवरी को स्विटज़रलैंड के एक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया था, उनके प्रचार अभियान के दौरान इसे नियमित चेकअप बताया जा रहा है.
उनके प्रचार अभियान प्रबंधक ने गुरुवार को अल ख़बर को बताया कि स्वास्थ्य से जुड़ी 'कोई चिंता की बात नहीं' है.
जिनेवा यूनिवर्सिटी अस्पताल के एक प्रवक्ता ने यह पूछे जाने पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया कि क्या बोटलिक वहाँ थे.
वहीं विपक्षी नेता भी इस विरोध प्रदर्शन पर चर्चा करने के लिए बैठक कर रहे हैं. फिलहाल अल्जीरिया में चल रहा सरकार विरोधी प्रदर्शन लगातार बढ़ा होता जा रहा है और इसके आने वाले दिनों में और विस्तार लेने की संभावना दिख रही है.












Click it and Unblock the Notifications