ट्रंप ने क्यों दी अमरीकी सरकार को ठप कर देने की धमकी?
अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा है कि मैक्सिको सीमा पर दीवार खड़ी करने के लिए अगर ज़रूरी हुआ तो वो 'अमरीकी सरकार को ठप' कर देंगे.
एरिज़ोना के फ़िनिक्स में 'मेक अमेरिका ग्रेट अगेन' रैली में समर्थकों को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि विपक्षी डेमोक्रैट सांसद अवरोधक की भूमिका निभा रहे हैं.
ट्रंप की 'मेक्सिको दीवार' की राह के रोड़े
'दीवार खर्च' पर ट्रंप को मेक्सिको की चेतावनी
अपने 80 मिनट के भाषण में उन्होंने मीडिया पर भी निशाना साधा और उस पर अति दक्षिणपंथी ग्रुपों को मंच प्रदान करने का आरोप लगाया.
हालांकि एक अति दक्षिणपंथी रैली में हुई हिंसा पर दी गई अपनी विवादित टिप्पणी को दुहराने से वो बचे.
इस हिंसा में एक महिला की मौत हो गई थी.
उन्होंने वर्जीनिया के शॉर्लाट्सविले में हुई हिंसा के लिए 'सभी पक्षों' को ज़िम्मेदार ठहराया था जिसकी काफी आलोचना हुई थी.
मैक्सिको सीमा पर दीवार
ट्रंप चाहते हैं कि अवैध रूप से अमरीका में प्रवेश करने वाले लोगों को रोकने के लिए, मैक्सिको से लगी सीमा पर एक 'विशाल और शानदार' दीवार बनाने की उनकी विवादित योजना पर संसद उनका साथ दे.
लेकिन सरकार के व्यय विधेयक में इस दीवार के खर्च के लिए आवंटन मंज़ूर कराने के लिए डेमोक्रैट सांसदों के समर्थन की ज़रूरत पड़ेगी जिसकी संभावना बहुत कम है.
अपने भाषण में ट्रंप ने कहा कि, ''डेमोक्रैट सदस्य, दीवार बनाने की योजना का विरोध करके अमरीका की सुरक्षा को जोख़िम में डाल रहे हैं.''
उन्होंने कहा कि, ''अगर ज़रूरत पड़ी तो वो सरकार को ठप कर देने का भी ख़तरा उठाने को तैयार हैं.''
असल में ऐसा तब होता है जब संघीय सरकार के वित्तीय मामले से जुड़ा कोई विधेयक कांग्रेस से पास नहीं होता. ऐसी स्थिति में वो सारी सेवाएं ठप पड़ जाती हैं जो अतिवाश्यक की श्रेणी में नहीं आतीं.
ट्रंप ने कहा, "गतिरोध पैदा करने वाले डेमोक्रेट सदस्य चाहेंगे कि हम ऐसा न करें, लेकिन मेरा भरोसा करें कि अगर दीवार बनाने के लिए ज़रूरत पड़ी तो हम अपनी सरकार को ठप कर देंगे."
ट्रंप का मेक्सिको सीमा पर जल्द दीवार बनाने का आदेश
उन्होंने कहा कि 'अमरीकी जनता ने प्रवासियों के प्रवेश पर नियंत्रण के लिए वोट दिया था.'
सरकार को ठप करने के लिए राष्ट्रपति को बस इतना करना है कि वो उस विधेयक पर हस्ताक्षर करने से मना कर दे जिसे कांग्रेस भेजेगी.
संसद में नए बजट पर इसी पतझर में बहस होनी है और जबतक ये पास नहीं हो जाता एक अक्टूबर से सारी गतिविधियां ठप पड़ जाएंगी.
दीवार का ख़र्च नहीं देगा मेक्सिको












Click it and Unblock the Notifications