ALH Dhruv: लापरवाह इंजीनियरिंग, घटिया क्वालिटी, 5 साल, 15 हादसे, पायलटों के लिए कैसे काल बना ध्रुव हेलीकॉप्टर?
ALH Dhruv: डिफेंस सेक्टर में भारत एक लंबी रेस का घोड़ा बनना चाहता है और मोदी सरकार की कोशिश, भारत को हथियारों का बाजार बनाना है, लेकिन सरकार की तरफ से जितनी कोशिश की जा रही है, उतनी कामयाबी मिल नहीं रही है। LCA तेजस को कोई बड़ा खरीददार मिल नहीं रहा है और ALH Dhruv, जिसके पास कई खरीददार हैं, वो अपनी परफॉर्मेंस की वजह से लगातार सवालों के घेरे में है।
भारत के स्वदेशी रूप से विकसित एडवांस हल्के हेलीकॉप्टर (ALH Dhruv), जिसका संचालन भारतीय सेना के सभी विंग करते हैं, और जिसे पश्चिमी देशों में बने हेलीकॉप्टरों के मुकाबले, कम लागत वाला बेहतरीन विकल्प माना जाता है, वो बार-बार होने वाली दुर्घटनाओं की वजह से भारत के लिए चिंता का विषय बन गया है।

ALH Dhruv के साथ बार बार क्यों होते हैं हादसे? (ALH Dhruv crash news)
इसी हफ्ते, भारतीय तटरक्षक बल (ICG) से संबंधित एक एडवांस हल्के हेलीकॉप्टर (ALH) 5 जनवरी को गुजरात के पोरबंदर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में विमान में सवार तीन चालक दल के सदस्यों की मौत हो गई, जिनमें दो पायलट और एक एयरक्रू गोताखोर शामिल हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, हेलिकॉप्टर एक नियमित प्रशिक्षण उड़ान से लौट रहा था, जब पोरबंदर हवाई अड्डे के रनवे पर उतरने की कोशिश करते समय यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घातक दुर्घटना का सही कारण फिलहाल पता नहीं चल पाया है और तटरक्षक बल ने जांच के आदेश दे दिए हैं। विमान में आग लगने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रकाशित हुआ है।
भारतीय तटरक्षक बल (Indian Cost Gurad) ने एक बयान में कहा है, कि "ICG का ALH Mk-III 05 जनवरी 2025 को सवा 12 बजे गुजरात के पोरबंदर हवाई अड्डे के रनवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दो पायलटों और एक एयरक्रू गोताखोर के साथ ICG हेलीकॉप्टर एक नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर था। चालक दल को पोरबंदर के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।"
भारतीय तटरक्षक बल ने सुरक्षा निरीक्षण के लिए ध्रुव ALH हेलीकॉप्टरों के बेड़े को अस्थायी रूप से रोक दिया है।
सरकारी स्वामित्व वाली हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने इस हेलीकॉप्टर को विकसित किया है और ये 5.5-टन भार वाला एक डबल इंजन, मल्टी रोल, मल्टी मिशन नई पीढ़ी का हेलीकॉप्टर है। जनवरी 2024 तक, 400 ALH हेलीकॉप्टरों का उत्पादन किया जा चुका था।
लेकिन, पिछले चार महीनों में ये तीसरा बार है, जब ये हेलीकॉप्टर हादसे का शिकार हुआ है, जिसने एक बार फिर इस स्वदेशी रूप से विकसित हेलिकॉप्टर की सुरक्षा और इसके प्रभाव को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इससे पहले सितंबर 2024 में, इंडियन कोस्ट गार्ड से ही संबंधित एक ALH ध्रुव गुजरात तट से दूर समुद्र में गिर गया था, जब वह पोरबंदर से लगभग 45 किलोमीटर दूर एक भारतीय ध्वज वाले मोटर टैंकर, हरि लीला के पास एक रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए पहुंचा था। उस हादसे में दो पायलट मारे गए थे।
एक महीने से भी कम समय बाद, अक्टूबर 2024 में, एक और ALH ध्रुव (भारतीय वायु सेना का) को तकनीकी खराबी के कारण बाढ़ राहत अभियान के दौरान आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी थी। इस विशेष हेलिकॉप्टर को बिहार में बाढ़ राहत कार्यों के लिए तैनात किया गया था।
घातक दुर्घटनाओं की वजह से कई पायलट मारे गये हैं, जिसकी वजह से सोशल मीडिया पर इस हेलीकॉप्टर को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है, जिसमें कई टिप्पणीकारों ने कई दुर्घटनाओं में शामिल एक हेलीकॉप्टर के ऑपरेशिन के पीछे के मकसद पर सवाल उठाया है।
डिफेंस जर्नलिस्ट विष्णु सोम ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर कहा, कि "4 महीनों में 2 कोस्ट गार्ड हेलिकॉप्टर दुर्घटनाओं में 4 उच्च प्रशिक्षित पायलट मारे गए। ध्रुव हेलीकॉप्टर, अपनी शानदार उच्च-ऊंचाई प्रदर्शन विशेषताओं के बावजूद, अब भारतीय सैन्य विमानन की समस्या बन गया है। इन घातक दुर्घटनाओं के कारणों को स्पष्ट करने के लिए सैन्य हवाई दुर्घटना जांच रिपोर्ट पारदर्शी रूप से जारी की जानी चाहिए।"
वहीं, एक अन्य पत्रकार और 'सेवन हीरोज ऑफ 1971' पुस्तक के लेखक, मन अमन सिंह चिन्ना ने एक्स पर लिखा, कि "सैन्य विमानन दुर्घटना रिपोर्ट को छिपाया नहीं जाना चाहिए। सूरज की रोशनी सबसे बड़ी कीटाणुनाशक है। ये हमारे बेटे और भाई हैं, जिन्हें हम खो रहे हैं। हमें यह जानने की जरूरत है कि ऐसा क्यों हुआ?"
भारतीय सैन्य ब्लॉगर्स ने भी भारतीय सेना के सभी विंग से इस हेलीकॉप्टर को हटाने की मांग की है।

ध्रुव हेलीकॉप्टर में आखिर क्या खराबी है?
साल 2023 में सशस्त्र बलों में लगभग 330 ट्विन-इंजन ALH के पूरे बेड़े को चार बड़ी दुर्घटनाओं के बाद कई बार उड़ान से हटाना पड़ा था। उस वर्ष, HAL की विशेषज्ञ टीमों ने विमान का गहन सुरक्षा निरीक्षण किया था और उन्होंने हाइड्रोलिक्स और कंट्रोल रॉड की नाकाम की हादसों के लिए जिम्मेदार माना था, जो रोटर ब्लेड के पावर इनपुट को प्रभावित कर रही थी। इसके बाद हर एक हेलीकॉप्टर से खराब रॉड को नए से बदलने की कोशिश की गई।
यूरेशियन टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, हेलीकॉप्टर की फ्लाइट कंट्रोल सिस्टम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा, गियरबॉक्स में कंट्रोल रॉड कई मकसदों को पूरा करता है, जिसमें पायलट के नियंत्रण इनपुट को मुख्य रोटर और टेल रोटर सिस्टम में संचारित करना शामिल है, जिससे पायलट को मुख्य और टेल रोटर की पिच को नियंत्रित करने की अनुमति मिलती है, और पायलट को हेलीकॉप्टर को अपने मन मुताबिक मोड़ने की क्षमता मिलती है।
ये छड़ें पायलटों को हेलीकॉप्टर की स्पीड को कंट्रोल करने की अनुमति देती हैं, लेकिन अगर ये खराब हो जाएं, या फेल हो जाएं, तो ये रोटर ब्लेड में पावर इनपुट को काफी कम कर सकती है और दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है।
ALH में नियंत्रण रॉड एल्यूमीनियम से बनी होती है, और HAL ने इसे कुछ हेलीकॉप्टरों में स्टील कंट्रोल रॉड से बदलने का फैसला किया है। लेटेस्ट रिपोर्टों के मुताबिक, सभी सैन्य ALH में उनकी सामूहिक नियंत्रण रॉड और दो अन्य छड़ें बदल दी गई हैं।

हादसों ने भारत के डिफेंस कार्यक्रम को काफी प्रभावित किया है। इक्वाडोर वो देश है, जो इस हेलीकॉप्टर को ऑपरेट करता है, लेकिन वहां भी अभी तक चार हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं, जिसके बाद वहां इस हेलीकॉप्टर को वापस करने की मांग तेज हो गई है। इक्वाडोर ने भारत से सात हेलीकॉप्टर खरीदे थे, जिनमें से चार दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं।
भारतीय नौसेना के पायलटों ने HAL के साथ अपनी नाराजगी जताई है, जिसमें उसकी खराब क्वालिटी, लापरवाह इंजीनियरिंग और रखरखाव के मुद्दों जैसी समस्याएं हैं।
वहीं, यह ताजा घटना ऐसे समय में हुई है, जब भारत अपने एडवांस हल्के हेलीकॉप्टर सहित स्वदेशी रूप से विकसित सैन्य प्लेटफार्मों के निर्यात को बढ़ावा दे रहा है। हालांकि, लगातार दुर्घटनाओं ने इसकी प्रतिष्ठा को गंभीर रूप से धूमिल कर दिया है और निश्चित तौर पर इस हेलीकॉप्टर को खरीदने में दिलचस्पी रखने वाले देश पीछे हट सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications