कौन है रॉबिन वेस्टमैन? जिसने मिनियापोलिस स्कूल में की गोलीबारी, 2 बच्चों को उतारा मौत के घाट
Robin Westman: अमेरिका के मिनियापोलिस शहर में बुधवार सुबह एक कैथोलिक स्कूल में हुई गोलीबारी ने पूरे देश को दहला दिया। सुबह करीब 8:30 बजे जब बच्चे और लोग मास में शामिल होकर प्रार्थना कर रहे थे, उसी दौरान गोलियों की आवाज ने चर्च को दहशत में बदल दिया।
इस दर्दनाक घटना में 8 और 10 साल के दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि 17 से ज्यादा लोग घायल हुए। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने हमले की पहले से योजना बनाई थी और कई हथियारों का इस्तेमाल किया।

हमलावर ने बच्चों पर चलाई गोलियां
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने चर्च की खिड़कियों से अंदर बैठे बच्चों और लोगों पर गोलियां चलाईं। पुलिस के मुताबिक, यह हमला पूरी तरह से सोची-समझी साजिश का नतीजा था। मिनियापोलिस पुलिस प्रमुख ब्रायन ओ'हारा ने कहा, "मासूम बच्चों और प्रार्थना कर रहे लोगों पर हमला करना अमानवीय और कायराना हरकत है।"
कौन है रॉबिन वेस्टमैन?
पुलिस ने आरोपी की पहचान 23 वर्षीय रॉबिन वेस्टमैन के रूप में की है। अधिकारियों के मुताबिक, उसने तीन हथियार - एक राइफल, एक शॉटगन और एक पिस्तौल - कानूनी तरीके से खरीदे थे। हमले के बाद वेस्टमैन का शव स्कूल की पार्किंग में मिला, जहां उसने खुद को गोली मार ली थी।
रॉबिन वेस्टमैन एक ट्रांसजेंडर महिला थी जिसे पहले रॉबर्ट के नाम से जाना जाता था। फिर उसने 2020 में अपनी पहचान बदल ली और अपना नाम रॉबिन वेस्टमैन रख लिया क्योंकि वो खुद को महिला मानती थी। इसके साथ ही उसके यूट्यूब चैनल पर कुछ वीडियो भी मिले थे जिसे अब हटा दिया गया है।
इनमें वो हथियाओं का जखीरा दिखा रही थी जिसपर 'ट्रम्प को मार डालो', 'इंडिया पर न्यूक्लियर अटैक कर दो' जैसी बातें लिखी हुई थी। इसके अलावा उसकी दो अलग-अलग जनरल (डायरी) भी थी जिसपर सिरिलिक वर्णमाला में काफी कुछ लिखा हुआ था।
FBI ने शुरू की जांच
फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने इस मामले की जांच घरेलू आतंकवाद और कैथोलिकों के खिलाफ नफरत से प्रेरित अपराध के रूप में शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वेस्टमैन ने घटना के दौरान दर्जनों राउंड फायर किए और चर्च के एक हिस्से के दरवाजे को लकड़ी के पटरे से बंद करने की कोशिश भी की।
परिवार से जुड़ी जानकारी
वेस्टमैन के परिवार के बारे में जानकारी देते हुए उसके चाचा और केंटकी के पूर्व विधायक बॉब हेलरिंगर ने बताया कि रॉबिन अपने परिवार में सबसे छोटा था और उनसे कई सालों से संपर्क में नहीं था। सार्वजनिक रिकॉर्ड के मुताबिक, उसकी मां, मैरी वेस्टमैन, उसी चर्च में प्रशासनिक सहायक के पद पर काम कर चुकी थीं।
लगातार बढ़ रही गोलीबारी की घटनाएं
जानकारी के अनुसार, इस साल जनवरी से अब तक अमेरिका में स्कूलों में गोलीबारी की 146 घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद स्कूलों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग और हथियार कानूनों पर बहस फिर तेज हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications