20 हजार सैनिकों को खोकर रूस ने किया बखमुत पर कब्जा, वैगनर चीफ ने कहा- यूक्रेनी सेना लगातार हो रही मजबूत
बखमुत शहर, जो नमक उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है, युद्ध शुरू होने से पहले उसकी आबादी करीब 70 हजार थी, लेकिन पिछले 10 महीनों की लड़ाई के बाद अब इस शहर में कोई नहीं है। पूरा शहर सुनसान हो गया है।

रूस और यूक्रेन के बीच जंग के कल 15 महीने पूरे हो गए हैं। इस बीच दोनों देशों को जन-धन का भारी नुकसान हुआ है। इसी कड़ी में रूसी निजी सेना के प्रमुख वैगनर के प्रमुख ने खुलासा किया है कि बखमुत की जंग में उन्हें 20 हजार सैनिकों को खोना पड़ा है।
यह आंकड़ा मॉस्को के उन दावों से अलग है, जिसमें उसने युद्ध में केवल 6,000 से अधिक सैनिकों को खोने की बात कही थी। इससे पहले सोवियत संघ ने 1979-89 के बीच अपने 15,000 सैनिकों के अफगानिस्तान युद्ध में खोया था।
वैगनर प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन ने ये भी खुलासा किया कि 50 हजार रूसी अपराधियों में से लगभग 20 प्रतिशत यानी 10 हजार अपराधियों को युद्ध में लड़ने के लिए भर्ती किया गया था।
विश्लेषकों का मानना है कि अकेले बखमुत के लिए नौ महीने की लड़ाई में लगभग 10 हज़ार सैनिकों की जान चली गई है। इसमें से अधिकतर अपराधी थे, जिन्हें युद्ध में भेजे जाने से पहले पर्याप्त ट्रेनिंग नहीं मिली थी।
24 फरवरी 2022 में रूस के आक्रमण के बाद से यूक्रेन ने यह नहीं बताया है कि उसके कितने सैनिक मारे गए हैं।
वैगनर के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन ने राजनीतिक रणनीतिकार कोन्स्टेंटिन डोलगोव के साथ प्रकाशित एक साक्षात्कार में कहा कि यूक्रेन की सेना अपने पश्चिमी सहयोगियों से हथियारों की आपूर्ति और प्रशिक्षण के साथ मजबूत हो गई है।
वैगनर के प्रमुख ने कहा कि शत्रु क्रीमिया पर हमला कर सकते हैं और पुल को उड़ाने की कोशिश कर सकते हैं। इसके साथ ही वे हमारी आपूर्ति लाइनों को काट नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसलिए, हमें एक कठिन युद्ध की तैयारी करने की आवश्यकता है।
इस बीच यूक्रेनी जनरल स्टाफ ने बुधवार को कहा कि बखमुत के अंदर भारी लड़ाई जारी है। कुछ दिनों पहले रूस ने दावा किया था कि उसने बखमुत पर पूरी तरह से कब्जा कर लिया है। हालांकि यूक्रेन इस दावे को खारिज कर दिया था।
यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा कि रूस का बखमुत के केवल एक छोटे से हिस्से पर नियंत्रण है। वहीं, इससे पहले वैगनर ग्रुप ने कहा था कि एक जून को वह बखमुत का नियंत्रण रूस की सेना के हाथों में सौंप देगी।
आपको बता दें कि बखमुत, पूर्वी यूक्रेन का एक शहर है। यह डोनेट्स्त प्रांत में आता है। बखमुत क्षेत्रीय परिवहन और मिलिट्री सप्लाई का बड़ा केंद्र था। बखमुत बड़े पैमाने पर रूसी-भाषा वाले औद्योगिक डोनबास क्षेत्र का हिस्सा है। रूस हमेशा से बखमुत को अपने सैन्य अभियान के साथ जोड़ना चाहता था।












Click it and Unblock the Notifications