ऑस्ट्रेलिया में समलैंगिक शादी के पक्ष में मतदान
ऑस्ट्रेलिया में एक ऐतिहासिक सर्वे में देश के लोगों ने समलैंगिक शादी के पक्ष में मतदान किया है.
इसमें 61.6 फ़ीसदी लोगों ने समलैंगिक शादी का समर्थन किया है. इस सर्वे में 79.5 फ़ीसदी लोग शामिल हुए थे.
समलैंगिक शादी पर सरकार ने आठ हफ़्तों तक चलाए पोस्टल सर्वे के ज़रिए लोगों की राय ली.
इस सर्वे में एक करोड़ 27 लाख लोग शामिल हुए, जिसमें से 61.6 फ़ीसदी लोगों ने समलैंगिक शादी का समर्थन किया.
वैसे इस सर्वे में शामिल होने और अपनी राय देने की कोई बाध्यता नहीं थी.
इससे पहले ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री मैल्कम टर्नबुल ने कहा था कि अगर लोगों की राय समलैंगिक शादी के पक्ष में आती है तो इस साल के अंत तक इसे क़ानूनी मान्यता दी जा सकती है. इस मसले पर संसद में सरकार की राय बंटी हुई थी.
पीएम टर्नबुल समलैंगिक शादी के समर्थक हैं, लेकिन सरकार में इस पर एक राय नहीं थी. सर्वे के नतीजे आने के बाद प्रधानमंत्री टर्नबुल ने कहा, ''लोगों ने इंसाफ़ के पक्ष में हामी भरी है, ये हामी प्रतिबद्धता के लिए है और ये हामी अपने प्यार के लिए है.''












Click it and Unblock the Notifications