एटमी जंग पर बोले व्लादिमीर पुतिन, कोई भी गलतफहमी में न रहे, बिना चेतावनी दिए कर सकते हैं हमला
पुतिन नेकिर्गिस्तान में हुए सम्मेलन में अमेरिकी नीति का जिक्र करते हुए कहा, “हम तो इसके बारे में सिर्फ सोच रहे हैं। वे तो पिछले कुछ वर्ष में इसके बारे में खुलकर बात करने से कतराते नहीं रहे हैं।”

Image: PTI
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पश्चिमी देशों को चेताते हुए कहा कि मॉस्को दुश्मन से हमले के खतरे के जवाब में उस पर 'अचानक हमला' करने की अमेरिका की रणनीति अपना सकता है। पुतिन ने कहा कि इसके लिए रूस अपने सैन्य सिद्धांत में संशोधन भी कर सकता है। रूसी राष्ट्रपति ने यह बात एक पत्रकार के सवाल के जवाब में यह बात कही, जिसने उनसे इस सप्ताह के शुरू में परमाणु हथियारों के इस्तेमाल पर अपने बयान को स्पष्ट करने के लिए कहा था।

'अमेरिका की नीति अपनाने पर हो रहा विचार'
पुतिन ने पूर्व सोवियत देशों के आर्थिक गठबंधन के किर्गिस्तान में हुए सम्मेलन में अमेरिकी नीति का जिक्र करते हुए कहा, "हम तो इसके बारे में सिर्फ सोच रहे हैं। वे तो पिछले कुछ वर्ष में इसके बारे में खुलकर बात करने से कतराते नहीं रहे हैं।" इससे पहले पुतिन ने बुधवार को पत्रकारों से बात करते हुए कहा था कि परमाणु युद्ध का खतरा बढ़ रहा है, लेकिन रूस पहले हमला नहीं करेगा। पुतिन ने कहा कि मॉस्को इस बात पर विचार कर रहा है कि क्या वह वाशिंगटन की अचनाक हमला करने की नीति को अपनाए।

सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रूस बदल सकता है नीतिः पुतिन
पुतिन ने कहा कि सबसे पहले तो अमेरिका के पास एक प्रीम्पटिव स्ट्राइक यानि कि अचानक पहले हमला की अवधारणा है। दूसरा, यह कि वह निरस्त्रीकरण प्रणाली भी विकसित कर रहा है।" पुतिन ने कहा कि मास्को को "अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए" अमेरिकी विचारों को अपनाने के बारे में सोचने की आवश्यकता हो सकती है। बतादें कि अमेरिका की कन्वेंशनल प्रोम्प्ट ग्लोबल स्ट्राइक नीति को लेकर रूस काफी समय से चिंता जताता आ रहा है। इस नीति के तहत कुछ ही समय में दुनिया में कहीं भी हथियारों से सटीक निशाना लगाया जा सकता है।

रूस के पास अमेरिका से बेहतर हथियार
पुतिन ने यह भी दावा किया कि रूस ने ऐसे हमला करने में सक्षम हाइपरसोनिक हथियारों को पहले ही तैनात कर रखा है। जबकि अमेरिका ने अभी तक उन्हें तैनात नहीं किया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि अब रूस के पास ऐसी क्रूज मिसाइल हैं जो अमेरिका की क्रूज मिसाइलों से भी आगे की दूरी तय कर सकती हैं। पुतिन ने कहा कि यदि किसी देश को लगता है कि वह हमले के खतरे की आड़ में पहले हमला करने की नीति अपना सकता है तो यह उनकी भूल होगी। उन्होंने कहा कि दूसरे देशों की रणनीति देखते हुए हम पहले परमाणु हमला करने के लिए मजबूर हो सकते हैं।

अपने ही बयान से पलटे ब्लादिमीर पुतिन
पुतिन का यह बयान उनके पिछले बयानों से बिल्कुल अलग है। इससे पहले रूस कहता आ रहा था कि वह पहले एटमी हमला नहीं करेगा। जैसा कि हमने इस बात का जिक्र किया है, पुतिन ने बुधवार को भी अपनी पुरानी बात ही दोहराई थी। लेकिन अब अचानक पुतिन अपनी ही बात से पलट गए हैं। इस बीच राष्ट्रपति जो बाइडन के सलाहकारों ने पुतिन की टिप्पणियों को युद्ध भड़काने वाली बताया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अमेरिका भी सामरिक परमाणु हथियार तैनात कर सकता है।












Click it and Unblock the Notifications