अब H-1B वीजा नीति के खिलाफ हुए विवेक रामास्वामी, खुद 5 सालों में 29 बार उठा चुके हैं फायदा
अमेरिका में अगले साल होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए रिपब्लिकन पार्टी से उम्मीदवारी के दावेदार और भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक विवेक रामास्वामी इन दिनों अजब-गजब बयान देने के कारण सुर्खियों में हैं।
भारतवंशी विवेक रामास्वामी ने एच-1 बी वीजा प्रोगाम को खत्म करने की वकालत की है। रामास्वामी ने 2024 में सत्ता में आने पर एच-1 बी वीजा प्रणाली को 'गिरमिटिया दासता' बताते हुए इस लॉटरी आधारित सिस्टम को खत्म करने की बात कही है।

विवेक रामास्वामी ने कहा कि अगर वे अमेरिका के राष्ट्रपति बनते हैं तो वे एच-1 बी वीजा के बदले मेरिटोक्रेटिक एंट्री शुरू करेंगे। आपको बता दें कि एच-1बी वीजा एक गैर-प्रवासी वीजा है।
एच-1बी वीजा सामान्यतः उन लोगों को दिया जाता है जो अमेरिका में काम करने के लिए जाते हैं। अन्य अर्थों में कहें तो ये वीजा अमेरिकी कंपनियों में काम करने वाले ऐसे कुशल कर्मचारियों को रखने के लिए दिया जाता है जिनकी अमेरिका में कमी है।
इस वीजा की वैलिडिटी छह साल की होती है। अमेरिकी कंपनियों की डिमांड की वजह से भारतीय आईटी प्रोफेशनल्स इस वीजा का सबसे अधिक इस्तेमाल करते हैं। दिलचस्प बात ये है कि विवेक रामास्वामी खुद अपनी फार्मा कंपनी के लिए उच्च-कुशल पेशेवरों को नियुक्त करने के लिए 29 बार एच-1 वीजा सिस्टम का उपयोग कर चुके हैं।
विवेक रामास्वामी की पूर्व कंपनी रोइवंत साइंसेज ने 2018 से 2023 तक अमेरिकी नागरिकता और आव्रजन सेवाओं के लिए एच-1 बी वीजा के तहत कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए आवेदनों को मंजूरी दी थी।
रामास्वामी ने अमेरिकी वेबसाइट पोलिटिको से कहा कि एच-1 बी वीजा हर उस शख्स के लिए बुरा है जो इसका इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लॉटरी सिस्टम को बदल कर मेरिटोक्रेटिक सिस्टम से बदलने की जरूरत है।
रामास्वामी ने कहा कि एच-1 बी गिरमिटिया दासता का ही एक रूप है जो सिर्फ उस कंपनी को लाभ पहुंचाता है जिसने एच-1बी आप्रवासी को स्पांसर किया था। एक बयान में उन्होंने कहा कि अमेरिका में चेन बेस्ड माइग्रेशन को खत्म करने की जरूरत है। रामास्वामी ने कहा कि जो लोग परिवार के सदस्यों के रूप में आते हैं वे योग्यताधारी माइग्रेंट्स नहीं हैं।
चेन बेस्ड माइग्रेशन क्या है
एक उदाहरण के लिए देखें तो एक व्यक्ति भारत से कैलिफोर्निया जाता है। वह धीरे-धीरे अपने परिवार के सभी सदस्यों को भी कैलिफोर्निया ले जाने के लिए स्पॉन्सर करता है। बदले में, वे दूसरों को स्पॉन्सर करते हैं।
रामास्वामी, जो स्वयं माइग्रेंट की संतान हैं, ने अपने प्रतिबंधवादी माइग्रेंट्स नीति एजेंडे के लिए सुर्खियां बटोर रहे हैं। रामास्वामी ने यह भी कहा कि वे सीमा को सुरक्षित करने के लिए सैन्य बल का उपयोग करेंगे, और वह अमेरिका में बिना दस्तावेज वाले माइग्रेंट्स के बच्चों को निर्वासित करेंगे।
आपको बता दें कि अमेरिका में एच-1बी वीजा की अत्यधिक मांग है और यह लगातार बढ़ती ही जा रही है। वित्तीय वर्ष 2021 के लिए, अमेरिकी कंपनियों ने केवल 85,000 उपलब्ध स्लॉट के लिए 780,884 आवेदन जमा किए थे। यह एक साल के मुकाबले 60 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि है।












Click it and Unblock the Notifications