Video: पिता ने मासूम बेटे को बिल्डिंग की खिड़की से नीचे उछाला, आग से बचने के लिए खुद भी लगाई छलांग
न्यू जर्सी, 13 मार्च: अमेरिका के न्यू जर्सी इलाके में एक इमारत में आग लग गई और उसमें पुलिस वालों ने सिर्फ 15 मिनट में जिस तरह से रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया है, उससे संबंधित वीडियो खूद देखा जा रहा है। स्थिति ऐसी हो गई थी कि एक शख्स और उसका तीन साल का मासूम बेटा बिल्डिंग में लगी आग में फंस गया था। धुआं बढ़ता जा रहा था। दम घुटने की नौबत आ चुकी थी। जबतक उन्हें दूसरे रास्ते से निकालने का इंतजाम किया जाता, तबतक अनहोनी होने का खतरा था। आखिरकार पुलिस वालों ने शख्स को तुरंत बच्चे को उनकी ओर उछालने को कहा। बच्चे के पिता के पास दूसरा कोई विकल्प नहीं था। उसने वही किया और फिर खुद भी छलांग लगा दी।

न्यू जर्सी के एक टाउनशिप की बिल्डिंग में लगी आग
बिल्डिंग में आग लगने की वजह से ऐसी नौबत आ गई कि एक पिता को अपने तीन साल के बेटे को इमारत की खिड़की से नीचे उछाल देना पड़ा। अमेरिका के न्यू जर्सी के साउथ ब्रनस्विक टाउनशिप का यह दिल दहला देने वाला वीडियो वायरल हो गया है। बाद में बच्चे का पिता भी अपनी जान बचाने के लिए बिल्डिंग की दूसरी मंजिल से नीचे कूद गया। यह वीडियो साउथ ब्रनस्विक टाउनशिप के पुलिस डिपार्टमेंट के पीआरओ ने शेयर किया है। वीडियो में दिख रहा है कि इमारत में आग लगने की वजह से वहां पर लोग घबराए हुए हैं। राहत की बात ये है कि मासूम और उसके पिता को इस ऑपरेशन में खरोंच तक आने की सूचना नहीं है।

पहले बच्चे को बचावकर्मियों ने लपक लिया
वीडियो में सुनाई दि रहा है कि रेस्क्यू ऑफिसर चिल्ला कर बच्चे के पिता से कह रहे हैं, 'पहले बच्चे को नीचे दो।' 'जल्दी करो....जल्दी करो'। बचावकर्मी ज्यादा तादाद में नहीं हैं, लेकिन वह लगातार कह रहे हैं कि वक्त मत गंवाओ और बच्चे को नीचे उछालो। घर में आग लगी थी। बच्चे के पिता के पास और कोई दूसरा उपाय नहीं था। नीचे बचावकर्मी देवदूत के रूप में हाथ फैलाए हुए खड़े थे। पिता ने बहुत ही साहस करके बच्चे को उनकी ओर लपकाया। लेकिन, पहला मिशन सफल रहा और बचावकर्मियों ने बच्चे को सुरक्षित तरीके से लपक लिया।

बच्चे के पिता को भी बचावकर्मियों ने हाथों में लपक लिया
फिर, बारी थी बच्चे के पिता की। बचावकर्मियों ने उससे भी कहा कि बिना देर किए खिड़की से नीचे छलांग लगाओ। उस शख्स ने उनकी बात मान ली और बचावकर्मियों ने उसे भी संभाल लिया और किसी भी तरह की चोट नहीं लगने दी। इस बीच इमारत से आग की ऊंची लपटें उठ रही थीं और धुआं, पूरी सोसाइटी में फैल रहा था। वीडियो में दिख रहा है कि खिड़की से बच्चे को लटकाने के दौरान पहले ऊपर से मलबा भी गिरने लगा और किसी तरह से बचावकर्मी उसकी चपेट में आने से बच गए।

बॉडी कैमरा में रिकॉर्ड हुआ वीडियो
यह वीडियो जो अब सामने आया है, वह दरअसल पिछले हफ्ते का है और पुलिस ऑफिसर के बॉडी कैमरा में इस घटना के सारे फुटेज रिकॉर्ड हुए हैं। पुलिस के पीआरओ ने ट्विटर पर जो वीडियो शेयर किया है उसके कैप्शन में लिखा है, 'ऑफिसरों के बॉडी कैमरे में रेस्क्यू कैद। पिता ने बच्चे को दूसरी मंजिल से ऑफिसरों और फायरफाइटर्स की ओर उछाला, फिर अपार्टमेंट बिल्डिंग में लगी आग से बचने के लिए खुद भी छलांग लगाई।'
सिर्फ 15 मिनट रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा
45 सेकंड के इस वीडियो को खबर लिखे जाने तक 8,000 से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। इस वीडियो को देखकर यूजर्स बचावकर्मियों की तारीफ में काफी कुछ लिख रहे हैं। एक ने लिखा है, 'भगवान का शुक्रिया कि उस बच्चे और उसके पिता को लपकने के लिए वहां ये ऑफिसर मौजूद थे।' सीबीएस न्यूज ने साउथ ब्रनस्विक टाउनशिप पुलिस डिपार्टमेंट के सार्जेंट जॉन पेनी को कोट करते हुए रिपोर्ट दिया है, 'आप जैसे ही बच्चे को देखते हैं, यह तुंरत आपके एड्रनलिन को प्रभावित करता है।' उनके मुताबिक हालात तेजी से बिगड़ रहे थे और 'वह धुएं में घिर रहा था।' एक और फायरकर्मी ने एबीसी7 न्यूयॉर्क को बताया है कि पहला कॉल आने और बच्चे और उसके पिता को खिड़की से बचाने में लगने वाला समय करीब 15 मिनट का है। (पहली तस्वरी और बाकी वीडियो इमेज सौजन्य:साउथ ब्रनस्विक टाउनशिप पुलिस)












Click it and Unblock the Notifications