#UPElections2017: प्रचंड जीत के बाद अमेरिकी विशेषज्ञ ने मोदी को कहा ‘मैन ऑफ एक्शन ’
अमेरिकी विशेषज्ञ के मुताबिक उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में बीजेपी की एकतरफा जीत है और इस जीत ने एक बार फिर से मोदी की योग्यताओं को साबित कर दिया है। अमेरिका में भी रखी जा रही थी नतीजों पर नजर।
वाशिंगटन। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड विधानसभा चुनावों में बीजेपी को मिली एतिहासिक जीत और एकतरफा जीत के बाद एक बार फिर दुनिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुरीद हो गई है। पीएम मोदी की अगुवाई में बीजेपी ने चुनावों में उतरी और प्रचंड बहुमत हासिल किया। अब इस जीत के बाद एक अमेरिकी विशेषज्ञ की प्रतिक्रिया आई है।
बीजेपी की एकतरफा जीत
इस विशेषज्ञ ने पीएम मोदी को 'मैन ऑफ एक्शन' या अपने वादों को पूरा करने वाला या 'काम करने वाला' व्यक्ति करार दिया है। अमेरिकी विशेषज्ञ के मुताबिक यह बीजेपी की एकतरफा जीत है और इस जीत ने एक बार फिर से मोदी की योग्यताओं को साबित कर दिया है। यह विशेषज्ञ हैं कॉरनेजी एंडोमेंट फॉर इंटरनेशनल पीस के साउथ एशिया प्रोग्राम के मिलान वैष्णव और मिलान का राजनीतिक मामलों को एक मशूहर विशेषज्ञ माना जाता है।

मोदी और पार्टी को मिला इनाम
वैष्णव ने कहा कि भारत के सर्वाधिक आबादी वाले राज्य में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत पार्टी का सबसे बड़ा चुनावी पुरस्कार है। उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि अब यह साफ हो गया है कि बीजेपी राज्य में अच्छी खासी संख्या में सीटें हासिल करने की ओर है।

मोदी के लिए मिला है वोट
भारतीय राजनीति में दक्षता रखने वाले वैष्णव के मुताबिक उत्तराखंड में जीत के साथ साथ यह स्पष्ट विजय निश्चित रूप से मोदी के लिए समर्थन का वोट है। यह जीत जाहिर करती है कि नोटबंदी के बारे में लोग चाहे जो भी सोचें, वे मोदी को काम करने वाले व्यक्ति के तौर पर देखते हैं.।

कांग्रेस को भी तसल्ली का मौका
वैष्णव की नई किताब, ‘व्हेन क्राइम पेज: मनी एंड मसल इन इंडियन पॉलिटिक्स' की जनवरी में भारत और अमेरिका दोनों जगहों पर जमकर बिक्री हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस बात पर तसल्ली कर सकती है कि उसे पंजाब में जीत हासिल हुई। कांग्रेस को इस जीत की सख्त जरूरत थी क्योंकि उसके पास एक ही बड़ा राज्य (कर्नाटक) था। यह जीत अगले साल उसका मनोबल बढ़ा सकती है।

अमेरिका में भी थी नतीजों पर नजरें
वैष्णव ने कहा कि आम आदमी पार्टी को पंजाब और गोवा में अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन न कर पाने से गहरी निराशा हुई है। सिलिकॉन वैली, न्यूयॉर्क, न्यूजर्सी, शिकागो और फ्लोरिडा सहित बड़े अमेरिकी शहरों में बीजेपी समर्थकों ने परिणामों पर नजर रखी। अमेरिकन इंडिया पब्लिक अफेयर्स कमेटी के अध्यक्ष जगदीश सेवानी ने बताया कि मोदी मैजिक एक बार फिर काम कर गया। प्रधानमंत्री की गरीब समर्थक एवं किसान समर्थक नीतियों के कारण उत्तर प्रदेश में भाजपा को ऐतिहासिक जीत मिली।

नोटबंदी पर लगाई जनता ने मोहर
सेवानी कहा कि यह प्रधानमंत्री की नोटबंदी नीति पर भी एक मुहर है। इससे जाहिर होता है कि लोगों को उन पर भरोसा है। सिलिकॉन वैली स्थित ग्लोबल इंडियन टेक्नोलॉजी प्रोफेशनल्स ऑर्गनाइजेशन के फाउंडर खांडेराव कंड ने कहा है कि इन विधानसभा चुनावों में जीत से राज्यसभा में भाजपा की राह साफ हुई है। संसद के दोनों सदनों में बहुमत से भारत के विकास में बाधा दूर होगी।












Click it and Unblock the Notifications