अटलांटिक के ऊपर फ्लाइट में महिला मिली पॉजिटिव, विमान के सबसे 'गंदे' हिस्से में किया आइसोलेट
न्यूयॉर्क, 31 दिसंबर: वैक्सीन आने के बाद लोगों की जिंदगी धीरे-धीरे पटरी पर आ रही थी, लेकिन अब ओमिक्रॉन वेरिएंट ने सभी देशों की टेंशन बढ़ा दी है। कई देशों में कोरोना के रोजाना के केस तेजी से बढ़ रहे हैं। इस लिस्ट में अमेरिका का नाम भी शामिल है, जहां अब एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जिसकी चर्चा पूरी दुनिया में हो रही।

फ्लाइट में महिला मिली पॉजिटिव
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शिकागो से आइसलैंड की उड़ान के दौरान एक महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई। जिसके बाद फ्लाइट में हड़कंप मच गया। विमान आधे रास्ते पहुंच चुका था, ऐसे में क्रू मेंबर और पायलट को भी कुछ नहीं समझ आया। आनन-फानन में उसको टॉयलेट में आइसोलेट किया गया। जब विमान अपने गंतव्य पहुंचा, तो महिला को होटल भेजा गया। ऐसे में वो करीब 3 घंटे तक टॉयलेट में बंद रही।

7 टेस्ट थे निगेटिव
स्थानीय चैनल डब्ल्यूएबीसी-टीवी के मुताबिक मिशिगन की एक टीचर मारिसा फोटियो 19 दिसंबर को फ्लाइट से सफर कर रही थीं। उड़ान से पहले उनके दो आरटी-पीसीआर और 5 रैपिड टेस्ट हुए थे। उन सब की रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके बाद वो फ्लाइट में बैठ गईं। करीब डेढ़ घंटे बाद फोटियो के गले में खरास और दर्द शुरू हुआ। फिर उनके दिमाग में कोरोना से जुड़ी बातें घूमने लगीं।

टॉयलेट में टेस्ट आया पॉजिटिव
फोटियो के मुताबिक कुछ देर उन्होंने सोचा, फिर वो बाथरूम चली गईं। वहां पर उन्होंने फिर से रैपिड टेस्ट करने का मन बनाया। जैसे ही उन्होंने टेस्ट किया वो पॉजिटिव आ गया। इसके बाद उन्होंने क्रू को इसकी जानकारी दी और पूरी फ्लाइट में हड़कंप मच गया। उस वक्त विमान अटलांटिक महासागर के ऊपर था। इस वजह से उनको टॉयलेट में ही आइसोलेट करने का फैसला लिया गया।

10 दिन होटल में आइसोलेट
फोटियो ने आगे कहा कि रिजल्ट पॉजिटिव आने के बाद मैं रॉकी नाम की फ्लाइट अटेंडेंट से मिली। मैं काफी घबराई हुई थी और रो रही थी। मैं अपने लिए नहीं बल्कि परिवार के लिए नर्वस थी, क्योंकि कुछ देर पहले ही मैंने उनके साथ डिनर किया था। इसके अलावा फ्लाइट में मौजूद अन्य लोगों के भी संक्रमित होने का खतरा था। फिलहाल फ्लाइट अटेंडेंट ने उन्हें शांत करवाया। बाद में उन्हें टॉयलेट में ही रहने का विकल्प मिला, जिसे उन्होंने स्वीकार किया। एयरपोर्ट पर उतरते ही उनके दो और टेस्ट हुए, जो पॉजिटिव थे। इसके बाद उनको 10 दिनों तक एक होटल में आइसोलेट किया गया। फिलहाल अब वो ठीक हो चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications