अमेरिका जाना क्यों हुआ मुश्किल? वीजा के लिए 800 दिन से भी अधिक का करना पड़ रहा इंतजार
दूतावास के मुताबिक अमेरिका जाने लिए 800 से ज्यादा दिनों का लंबा वेटिंग पीरियड है। हालांकि इस बीच वीजा इंटरव्यू से छूट भी मिल सकती है।
वाशिंगटन, 27 सितंबरः भारत में अमेरिकी दूतावास ने अपनी वेबसाइट पर घोषणा की है कि वीजा अनुरोध बेहद अधिक होने के कारण अमेरिका जाने वालों को उनके नियोजित यात्रा तिथियों से पहले वहां भेजा जाना संभव नहीं है। ऐसे में चाहे आपकी अमेरिका यात्रा का कारण कुछ भी हो और कितना भी संवेदनशील क्यों न हो, आपको अमेरिका की यात्रा स्थगित करनी पड़ सकती है। दूतावास के मुताबिक अमेरिका जाने लिए 800 से ज्यादा दिनों का लंबा वेटिंग पीरियड है। हालांकि इस बीच वीजा इंटरव्यू से छूट भी मिल सकती है।

अमेरिका जाने की बेहद मांग
अमेरिकी दूतावास ने कहा कि चूंकि यात्रा के लिए डिमांड बेहद अधिक है ऐसे में यदि कोई अस्थायी आगंतुक के रूप में अमेरिका पहुंचने के लिए गैर-आप्रवासी वीजा के लिए आवेदन करने की योजना बना रहा है, तो उसे वेबसाइट पर एक टूल का उपयोग करके साक्षात्कार के लिए वर्तमान प्रतीक्षा समय की समीक्षा करने की आवश्यकता है।

छात्रों को भी करना पड़ सकता है लंबा इंतजार
दूतावास ने इस महीने से बी1 और बी2 वीजा नियुक्तियों की प्रक्रिया फिर से शुरू कर दी है। अमेरिकी दूतावास ने पेंडिंग लाखों यूएस वीजा रिक्वेस्ट की जानकारी देते हुए बताया है कि किस कैटेगरी के ट्रैवलर्स को वीजा के लिए कितना लंबा इंतजार करना होगा। इस लिस्ट के मुताबिक भारत से अमेरिका जाने के लिए लगभग 800 दिनों का लंबा अंतराल है वहीं, छात्रों को भी एक साल से अधिक समय तक इंतजार करना पड़ सकता है।

देखें लिस्ट
दिल्ली, मुंबई, कोलकाता... अलग-अलग शहरों में यूएस वीजा का वेटिंग पीरियड अलग-अलग है। विजिटर वीजा, स्टूडेंट वीजा समेत अन्य कैटेगरी के ट्रैवलर्स के लिए भी यूएस वीजा की वेटिंग लिस्ट अलग-अलग है।
नई दिल्ली में यूएस वीजा वेटिंग
विजिटर वीजा के लिए - 833 दिन
स्टूडेंट/ एक्सचेंज विजिटर वीजा - 430 दिन
अन्य नॉन इमिग्रेंट वीजा - 390 दिन
मुंबई में यूएस वीजा वेटिंग
विजिटर वीजा - 848 दिन
स्टूडेंट वीजा - 430 दिन
नॉन इमिग्रेंट वीजा - 392 दिन
कोलकाता में यूएस वीजा वेटिंग
यूएस वीजिटर वीजा - 767 दिन
स्टूडेंट वीजा - 444 दिन
नॉन इमिग्रेंट वीजा - 360 दिन

यूएस के लिए वीजा की वेटिंग इतनी बढ़ कैसे गई?
अमेरिकी दूतावास का कहना है कि कोरोना महामारी के कारण मार्च 2020 से ही यूएस दूतावास कम स्टाफ और कई अन्य पाबंदियों के साथ काम कर रही है। इसके अलावा स्टूडेंट से लेकर विजिटर तक सभी कैटेगरी में वीजा की डिमांड काफी ज्यादा है। ऐसे में वीजा अप्वाइंटमेंट के लिए वेटिंग पीरियड लगातार बढ़ता ही जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications